Ghaziabad Society Fire Incident: गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित एक हाई-राइज सोसाइटी में लगी आग की घटना के बाद एनसीआर की ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी मुद्दे को लेकर जेवर से विधायक धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर विस्तृत पत्र सौंपा और नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट तथा गाजियाबाद की हाई-राइज सोसाइटियों में फायर सेफ्टी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
एनसीआर की ऊंची इमारतों में फायर सेफ्टी को लेकर मंडरा रहा खतरा
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर सौंपा पत्र
विधायक ने अपने पत्र में कहा ये
विधायक ने अपने पत्र में कहा कि इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग बहुमंजिला इमारतों में रह रहे हैं, लेकिन आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए मौजूदा संसाधन पर्याप्त नहीं दिखाई देते। उन्होंने खासतौर पर ऊपरी मंजिलों तक अग्निशमन सेवाओं की सीमित पहुंच पर चिंता जताई और कहा कि तेजी से बढ़ रही ऊंची इमारतों के अनुरूप फायर सेफ्टी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित नहीं हो पाया है।
सरकार से की इन चीजों को उपलब्ध कराने की मांग
विधायक ने धीरेंद्र सिंह ने सरकार से 30 से 40 मंजिल तक पहुंचने में सक्षम हाई-कैपेसिटी फायर टेंडर और आधुनिक स्काई लिफ्ट उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही सभी सोसाइटियों में स्प्रिंकलर सिस्टम, फायर अलार्म और स्मोक डिटेक्टर की नियमित जांच को अनिवार्य बनाने का सुझाव दिया। पत्र में फायर सेफ्टी ऑडिट को सख्ती से लागू करने और नियमों का पालन न करने वाली सोसाइटियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की गई।
मॉक ड्रिल और जागरूकता अभियान चलाने पर जोर
धीरेंद्र सिंह ने आरडब्ल्यूए और निवासियों के लिए समय-समय पर मॉक ड्रिल और जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया, ताकि आपात स्थिति में लोग सही तरीके से प्रतिक्रिया दे सकें। इसके अलावा फायर विभाग के रिस्पॉन्स टाइम को और तेज व प्रभावी बनाने की आवश्यकता भी बताई गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया।
गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में भीषण आग का तांडव
बता दें कि गाजियाबाद स्थित इंदिरापुरम की गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में बुधवार सुबह अचानक लगी आग ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। सुबह का माहौल सामान्य था, तभी डी-ब्लॉक की तरफ से धुआं और चिंगारियां उठती दिखाई दीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और कई फ्लैट इसकी चपेट में आ गए। आग फैलते ही सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। देखते ही देखते पूरे परिसर में दहशत फैल गई और आसपास के लोग भी घटना स्थल पर जमा हो गए।
