Mirzapur News: मिर्जापुर से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है, जहां कुछ लोगों ने मेडिकल कॉलेज की पुलिस चौकी में घुसकर दरोगा और सिपाही के साथ मारपीट की गई। मामूली सड़क विवाद से शुरू हुए मामले ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। जिसके बाद आरोपियों ने चौकी में घुसकर पुलिस पर भी हमला किया। जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है।
(सांकेतिक फोटो)
दो ई-रिक्शा की टक्कर से शुरू हुआ विवाद
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे शहर कोतवाली क्षेत्र में दो ई-रिक्शा के बीच टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों वाहनों के चालकों और उन पर सवार कुछ लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल की पुलिस चौकी लेकर आई। तभी उनमें से कुछ दबंग लोगों ने दरोगा मनोज राय और सिपाही कमलेश पासवान से मारपीट की। इस दौरान सिपाही के सिर में कथित तौर पर चोट आई जबकि दरोगा की वर्दी फाड़ दी गई।
चौकी में 50 लोगों ने की मारपीट
सूत्रों ने बताया कि इस मारपीट का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर आया है। चौकी में 50 लोगों ने घुसकर मारपीट की। इस दौरान सिपाही के सिर में चोट आई। चौकी में हमले की सूचना मिलने पर थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भागने की कोशिश कर रहे पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया। सूत्रों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है जबकि घायल सिपाही का इलाज किया जा रहा है।
(इनपुट - भाषा)
