मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को मुम्बई के बांद्रा में नए छह मंजिला रेजिडेंशियल इमारत के निर्माण की मंजूरी मिल गई है। उनकी मां सलमा खान के नाम पर प्लॉट रजिस्टर हुआ है। जानकारी के मुताबिक, अभिनेता जल्द ही अपने परिवार के लिए बांद्रा में नया छह मंजिला समुद्र किनारे वाला घर बनाने जा रहे हैं। महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) ने 16 जून को इस परियोजना को मंजूरी दे दी थी। यह नया घर बांद्रा के चिम्बई इलाके में बनाया जाएगा, जो सलमान खान के मौजूदा निवास गैलेक्सी अपार्टमेंट से कुछ ही दूरी पर स्थित है। सलमान खान 1974 से गैलेक्सी अपार्टमेंट में रह रहे हैं।
सलमान खान
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर दो बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग की थी..जांच में हमलावरों का संबंध बिश्नोई गैंग से बताया गया था। इस घटना के बाद सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी और उन्हें Y+ सुरक्षा प्रदान की गई। वहीं, जिस बालकनी से वह अपने प्रशंसकों का अभिवादन करते थे, उसे बुलेटप्रूफ ग्लास से सुरक्षित कर दिया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - 'क्या आपने सिया का बैकग्राउंड चेक किया?' 'हमेशा बिजी क्यों रहता है फोन'; मौत से पहले मंगेतर की चाल समझ गया था केतन!
MCZMA सूत्रों के मुताबिक, नया घर सलमान खान की मां सलमा खान की जमीन पर बनाया जाएगा। इस प्लॉट पर पहले 1956 से पहले बना दो मंजिला मकान मौजूद था, जिसे जर्जर हालत के कारण परिवार ने खरीदने के बाद गिरा दिया था।
नई इमारत ग्राउंड फ्लोर, स्टिल्ट पार्किंग और छह मंजिलों वाली होगी। इसका कुल निर्माण क्षेत्र लगभग 1,014 वर्ग मीटर होगा। इस प्रोजेक्ट का निर्माण सच डेवलपर्स द्वारा किया जाएगा। बीएमसी ने इसके लिए अक्टूबर 2025 में प्रारंभिक अनुमति (IOD) जारी कर दी थी।
बताया गया है कि निर्माण कार्य के दौरान किसी भी पेड़ को नहीं काटा जाएगा। इसके बजाय परिसर और आसपास के क्षेत्र में स्थानीय प्रजातियों के नए पेड़ लगाए जाएंगे। मुख्य सड़क से हटकर एक शांत गली में स्थित यह नया घर सलमान खान और उनके परिवार को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षा और निजता प्रदान करेगा। हालांकि, इस पूरे प्रोजेक्ट पर सलमान खान या उनकी टीम की तरफ से कोई भी प्रतिक्रिया नहीं आई है।
