शहर

चंडीगढ़ के रिहायशी इमारत में तीन सिलेंडर ब्लास्ट, तीन लोग गंभीर रूप से घायल; घरों में आई दरार

पंजाब के चंडीगढ़ के सेक्टर-45 स्थित एक रिहायशी इमारत में रखे गैस सिलेंडरों में से तीन सिलेंडर एक के बाद एक फट गए, जिससे तीन लोग घायल हो गए।

Image

चंडीगढ़ के रिहायशी इमारत में तीन सिलेंडर ब्लास्ट

चंडीगढ़ के सेक्टर-45 से एक बेहद खौफनाक हादसा सामने आया है, जहां सोमवार को एक रिहायशी इमारत में रखे गैस सिलेंडरों में से तीन सिलेंडर एक के बाद एक फट गए। जोरदार धमाकों के चलते इलाके में हड़कंप मच गया। इस हादसे में 3 लोगों के घायल होने की खबर है। धमाके इतने भीषण थे कि आसपास के घरों की दीवारें तक हिल गईं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जिस घर में धमाके हुए वहां करीब 15 गैस सिलेंडर रखे हुए थे। आशंका है कि यहां गैस सिलेंडरों को ब्लैक में बेचने का अवैध कारोबार चल रहा था। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। मामले में कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है।

लगातार तीन धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सबसे पहले एक तेज धमाका हुआ, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग कुछ समझ पाते उससे पहले लगातार दो और विस्फोट हो गए। धमाकों की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिससे दहशत में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

विस्फोट इतना भीषण था कि जिस मकान में सिलेंडर रखे गए थे, वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए, जबकि दीवारों में दरारें आने की भी सूचना है। स्थानीय लोगों के अनुसार, धमाके के बाद पूरे इलाके में धुआं और मलबा फैल गया।

स्थानीय निवासी शाहाबाद राठी ने बताया कि विजय नाम का व्यक्ति कथित तौर पर ब्लैक में गैस बेचने का काम करता था। हादसे के वक्त वह गैस भर रहा था, तभी अचानक विस्फोट हो गया। इस घटना में 2 से 3 लोग घायल हुए हैं, जिनमें विजय भी शामिल बताया जा रहा है। घायलों में कुछ लोग बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जिस मकान में ब्लास्ट हुआ वह तीन मंजिला इमारत थी। धमाका ग्राउंड फ्लोर पर हुआ, जिससे बाहरी दीवार ढह गई, हालांकि लेंटर सुरक्षित बच गया। मकान में विजय की किराने की दुकान थी और पीछे गोदाम बनाया गया था, जहां बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे गए थे। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग वहां गैस भरवाने आए थे और इसी दौरान हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और सीआरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और अब अवैध गैस कारोबार के एंगल से मामले की जांच की जा रही है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि घर में इतने सिलेंडर कैसे जमा किए गए और क्या वहां अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का कारोबार संचालित किया जा रहा था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article