शहर

Mathura News: यूपी पुलिस के हेड कांस्टेबल की संदिग्ध हालात में मौत, बैंक गार्ड रूम में मिला शव

मथुरा में एक बैंक के गार्ड रूम के अंदर गोली चलने की घटना में एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। उन्हें पुलिस लाइन से जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Image

मथुरा में बैंक के गार्ड रूम में गोली लगने से हेड कांस्टेबल की मौत

Photo : ANI

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार शाम एक बैंक के गार्ड रूम के अंदर गोली लगने से हेड कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली दुर्घटनावश चली या फिर यह आत्महत्या का मामला है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

गार्ड रूम से आई गोली चलने की आवाज

मृतक हेड कांस्टेबल की पहचान अजीत कुमार (40) के रूप में हुई है। वह एटा जिले के पिलुवा थाना क्षेत्र के गरदुआ गांव के रहने वाले थे। अजीत मथुरा पुलिस लाइन के सरकारी आवास में रह रहे थे और शनिवार शाम बैंक की सिक्योरिटी ड्यूटी पर पहुंचे थे। उनके साथ हेड कांस्टेबल योगेंद्र कुमार और पुलिसकर्मी रामप्रसाद भी वहां तैनात थे। जानकारी के मुताबिक, अजीत कुमार वर्दी बदलने के लिए गार्ड रूम के अंदर गए थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। साथी पुलिसकर्मी तुरंत अंदर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि अजीत कुमार गले में गोली लगने के कारण खून से लथपथ पड़े थे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत घायल अजीत कुमार को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जहां डॉक्टरों के पैनल की निगरानी में वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

CCTV फुटेज और फोरेंसिक जांच पर फोकस

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच शुरू कर दी है। मौके पर मौजूद दोनों पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इंसास राइफल से गोली कैसे चली और घटना के समय गार्ड रूम में क्या हुआ था।

2005 में पुलिस सेवा में हुए थे शामिल

अजीत कुमार साल 2005 में उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए थे। मथुरा में उनकी तैनाती साल 2012 से थी। हाल ही में उनका तबादला अलीगढ़ हो गया था, लेकिन उन्हें अभी तक कार्यमुक्त नहीं किया गया था। पिछले माह 12 जून से वह केनरा बैंक की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। इससे पहले वह पुलिस लाइन के मोटर व्हीकल विभाग में तैनात थे।

एएसपी आशना चौधरी के अनुसार, घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक सबूतों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर यह साफ हो सकेगा कि यह हादसा था या आत्महत्या। फिलहाल पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें