Purvanchal Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे से बिहार के भोजपुर जिले में मातम पसरा हुआ है। तेज रफ्तार कार सामने चल रहे कंटेनर से पीछे से टकरा गई, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही जान चली गई। मृतकों में एक दंपति, उनका बेटा-बेटी और वाहन चालक शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग बिहार के भोजपुर जिले के निवासी थे और किसी काम से हरियाणा के फरीदाबाद जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना
बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार
यह दर्दनाक सड़क हादसा आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र के सियरहा गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब चार बजे एक कार गाजीपुर से लखनऊ की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 238 के पास तेज रफ्तार कार सामने चल रहे कंटेनर से पीछे से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरातफरी मच गई।
कार को काटकर शवों को बाहर निकाला गया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कंटेनर के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई और उसमें सवार लोग बाहर नहीं निकल पाए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और एक्सप्रेस-वे के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने काफी देर तक राहत एवं बचाव कार्य चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार को काटकर अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला।
बिहार के भोजपुर के रहने वाले थे मृतक
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे में मृत सभी लोग बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले थे। पूरा परिवार हरियाणा के फरीदाबाद जा रहा था, तभी रास्ते में यह भीषण दुर्घटना हो गई। एक ही परिवार के कई सदस्यों की मौत की खबर सामने आने के बाद भोजपुर जिले में शोक का माहौल है। पुलिस प्रशासन मृतकों के परिजनों को सूचना देने और उनसे संपर्क स्थापित करने का प्रयास कर रहा है।
प्रारंभिक जांच में क्या सामने आया?
हादसे की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज कुमार श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार सामने आ रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कार बेहद तेज गति में थी, जिसके चलते चालक कार को नहीं बचा सका।
