गुरुग्राम में आज को अचानक बड़ा बिजली संकट देखने को मिला, जिससे शहर के कई इलाकों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सेक्टर-72 स्थित 220 KVA बिजली घर का मुख्य ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो गया, जिसके कारण आसपास के कई बिजली घरों की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। इस तकनीकी खराबी का असर पूरे इलाके में तेजी से फैल गया। ट्रांसफार्मर फुंकने की वजह से कुल 7 बिजली घरों का संचालन बाधित हो गया है। इससे सेक्टर-15, 38, 44, 46, 52, 56 और मारुति 66KVA बिजली घरों पर भी असर पड़ा है। कई क्षेत्रों में बिजली पूरी तरह से गुल हो गई, जिससे लोगों के घरों, दुकानों और दफ्तरों में अंधेरा छा गया।
8-10 घंटे का लग सकता है समय
बिजली कटौती का असर केवल घरेलू उपभोक्ताओं तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका प्रभाव रैपिड मेट्रो सेवा पर भी पड़ा है। पिछले एक घंटे से रैपिड मेट्रो की सेवाएं बाधित हैं, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्टेशन पर यात्री इंतजार करते नजर आए और कई लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेने को मजबूर हुए। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार ट्रांसफार्मर की मरम्मत में लगभग 8 से 10 घंटे का समय लग सकता है।
देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद
तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर खराबी को ठीक करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है, लेकिन पूरी तरह से स्थिति सामान्य होने में समय लग सकता है। इस अचानक हुई बिजली कटौती से सेक्टर-38 से 57 तक, सेक्टर-15 पार्ट-1 और पार्ट-2 तथा सेक्टर-18 क्षेत्र भी प्रभावित हुए हैं। गर्मी और बिजली संकट के कारण स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य करने के प्रयास में जुटा हुआ है।
