IIT Bombay Student Suicide: आईआईटी बॉम्बे के 22 वर्षीय एक छात्र की कथित आत्महत्या की जांच अपने हाथ में लेने वाली क्राइम ब्रांच पूछताछ के लिए संस्थान के एक प्रोफेसर और अन्य को तलब कर सकती है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि मामले में प्रोफेसर को आरोपी बनाया गया है और इसकी जांच सहायक पुलिस आयुक्त (खुफिया) के नेतृत्व में की जाएगी।
IIT बॉम्बे छात्र सुसाइड मामले में आया नया मोड़ (फाइल फोटो)
उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे के पवई परिसर स्थित हॉस्टल संख्या चार के अपने कमरे में साहिल रवींद्र वाकोडे फंदे से लटके पाए गए। इससे कुछ घंटे पहले मध्य-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान उनके पास कथित तौर पर मोबाइल फोन पाए जाने और चैटजीपीटी के इस्तेमाल की बात सामने आई थी।
पवई पुलिस ने दर्ज की FIR
महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के निवासी वाकोडे ऊर्जा विज्ञान और इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र थे। वाकोडे के अभिभावक की शिकायत पर पवई पुलिस ने शनिवार को भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया।
वाकोडे के अभिभावकों ने दावा किया कि मौत से पहले उनके बेटे को संस्थागत उत्पीड़न और जातिगत भेदभाव का सामना करना पड़ा था। इस घटना के बाद परिसर में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि वाकोडे को शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने से रोकने की धमकी दी गई और भारी दबाव बनाया गया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: IIT बॉम्बे छात्र की मौत का मामला क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर, पिता की शिकायत पर दर्ज हुई FIR, जातीय भेदभाव का आरोप
क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर हुआ केस
मामला शनिवार रात क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि अपराध शाखा पूछताछ के लिए आरोपी प्रोफेसर और अन्य को तलब कर सकती है। आईआईटी बॉम्बे के एक बयान के अनुसार, छात्र ने परीक्षा के दौरान उत्तर के लिए प्रश्नपत्र चैटजीपीटी पर अपलोड किया था। हालांकि, उसके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी।
निरीक्षक और विभागाध्यक्ष ने छात्र से इस मामले पर चर्चा की और उसे समझाया। उन्होंने उसे आश्वस्त किया कि इस घटना का उसके शैक्षणिक करियर पर प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा। इसके बाद वह अपने हॉस्टल के कमरे में लौट गया और शाम को बाद में मृत पाया गया।
सनद रहे कि यह सात महीने में आईआईटी बॉम्बे परिसर में आत्महत्या का तीसरा मामला है। फरवरी में द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने छात्रावास में आत्महत्या कर ली थी। जुलाई में नए सेमेस्टर की शुरुआत के दौरान 20 वर्षीय बीटेक द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने भी आत्महत्या कर ली।
