Sambhajinagar Rain News: महाराष्ट्र के संभाजीनगर जिले से मानसून के बीच एक चिंताजनक घटना सामने आई है। खुल्ताबाद तालुका के पलासवाड़ी-दत्ता वस्ती रोड की बदहाल स्थिति के कारण बच्चों को हर दिन जान जोखिम में डालकर स्कूल जाना पड़ रहा है। भारी बारिश के बाद सड़क पर जलभराव देखने को मिल रहा है। ऐसे में बच्चों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
जलभराव से घिरी सड़क, मजबूरी में पानी के बीच से स्कूल जा रहे छात्र
सिर पर बैग रखकर पार कर रहे जलभराव
जिले में मानसूनी बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। जिसके कारण पूरी तरह जलमग्न हो गई है। ऐसे में स्कूली बच्चे अपने बैग सिर पर रखकर पानी से भरे रास्ते को पार करते हुए स्कूल पहुंच रहे हैं। इस दौरान बच्चों के फिसलकर गिरने या किसी अन्य हादसे का खतरा लगातार बना रहता है।
खराब सड़क बनी परेशानी की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि पलासवाड़ी-दत्ता वस्ती रोड काफी समय से खराब हालत में है। मानसून के दौरान हालत और भी गंभीर हो जाती है। सड़क पर पानी भरने के कारण केवल स्कूली बच्चों को ही नहीं, बल्कि ग्रामीणों को भी आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का प्रशासन पर आरोप
गांव वालों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था को लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है। लेकिन बार-बार कहने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि हर साल बारिशमें यही स्थिति बनती है, फिर भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
बच्चों का इस तरह पानी से भरे रास्ते से गुजरना उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत, जल निकासी की व्यवस्था और बच्चों के सुरक्षित आवागमन के लिए जरूरत कदम उठाने की मांग की है।
