शहर

भीषण गर्मी से तप रहा महाराष्ट्र, विदर्भ में लोगों का जीना मुहाल; ब्रह्मपुरी में पारा 47 डिग्री के पार

Heatwave: महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।

Image

भीषण गर्मी से तप रहा महाराष्ट्र (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : Times Now Digital

Heatwave: महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। भीषण लू और तेज धूप के चलते पूरा इलाका तप रहा है। चंद्रपुर जिले में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि कई जिलों में 45 डिग्री से ऊपर तापमान दर्ज किया गया।

कहां कितना रहा तापमान

नागपुर, चंद्रपुर और वर्धा जैसे जिलों में पारा 46 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है। वहीं, अमरावती, भंडारा और यवतमाल में तापमान 45 डिग्री के पार दर्ज किया गया, जबकि चंद्रपुर जिले के ब्रह्मपुरी में लोगों को सबसे ज्यादा 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान की मार झेलनी पड़ी।

आमतौर पर मई के आखिरी सप्ताह में मौसम विकराल रूप देखने को मिलता है, लेकिन इस बार 21 मई को ही तापमान ने 47 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर दिया। भीषण गर्मी और लू की वजह से लोगों का दिन में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं से डीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ गया है।

तेज धूप में न निकलें

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, नागपुर के मौसम विज्ञानी प्रवीण कुमार ने ANI से बात करते हुए कहा, "पूर्वी विदर्भ क्षेत्र में तापमान लगभग 46-47 डिग्री सेल्सियस है। अनुमान है कि अगले 5-7 दिनों तक कुछ जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी रहेगा, क्योंकि तापमान 46-47 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।" कुमार ने चेतावनी दी कि अगले तीन से पांच दिनों तक विदर्भ के कई जिलों में भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी।

विदर्भ के प्रमुख जिलों का तापमान

जिलेतापमान
अकोला44.9°C
अमरावती45.8°C
भंडारा45.0°C
बुलढाणा41.0°C
चंद्रपुर46.8°C
गडचिरोली46.4°C
गोंदिया45.2°C
नागपुर46.0°C
वर्धा46.4°C
वाशिम42.6°C
यवतमाल45.0°C

क्या है हीटवेव?

मौसम विभाग के मुताबिक, मैदानी इलाकों में जब तापमान अधिकतम 40 डिग्री, तटीय क्षेत्रों का तापमान 37 डिग्री और पहाड़ी क्षेत्रों का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है तो हीटवेव चलने लगती है। आसान भाषा में जिसे लू कहा जाता है। अगर तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक हो जाता है तो भीषण गर्मी की लहर घोषित की जाती है। यानी अगर तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है तो इसे भीषण लू की श्रेणी में रखा जाता है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article