Solapur Accident News: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में शनिवार देर रात भीषण हादसा हो गया। सोलापुर-पुणे नेशनल हाईवे पर मोहोल के पास देवदरी पाटी के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। यह हादसा इतना भयंकर था कि कार सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
सोलापुर में भीषण हादसा
पेड़ से टक्कर के बाद झाड़ियों में उछलकर गिरी कार
जानकारी के अनुसार, कार सवार 6 लोग पनवेल से अक्कलकोट देवदर्शन के लिए जा रहे थे। शनिवार को रात के करीब 12 बजे ड्राइवर का नियंत्रण कार से छूट गया। जिससे कार तेज रफ्तार से सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार उछलकर करीब 10-15 फीट दूर झाड़ियों में जाकर गिरी। हादसे के बाद कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल हुई महिला का मोहोल के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
तेज रफ्तार के कारण हादसे की आशंका
हादसे की सूचना मिलते ही मोहोल पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। कार में 3 पुरुष और 3 महिलाएं सवार थी। सभी आपस में दोस्त थे। पुलिस के अनुसार कार की रफ्तार तेज थी, जिस कारण चालक का गाड़ी से नियंत्रण छूट गया। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है कि कार में कोई तकनीकी खरीबी या हादसे का कोई अन्य कारण तो नहीं है।
