UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 5-July-2025: उत्तर प्रदेश में मौसम का रुख इन दिनों बदला-बदला सा है। कभी धूप, कभी बारिश और उसके बाद बढ़ती उमस ने जनजीवन को परेशान कर रखा है। हालांकि भीषण गर्मी से राहत मिली है लेकिन आने वाले दिनों में बारिश का दौर फिर तेज हो सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य भर के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए 9 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी दी है।
यूपी में बारिश का येलो अलर्ट
आज से कई जिलों में मूसलाधार बारिश
IMD के अनुसार, 5 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर में भारी वर्षा का अनुमान है। वहीं बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी समेत कई इलाकों में बिजली गिरने और बादल गरजने की आशंका भी जताई गई है। इसके अलावा वाराणसी, जौनपुर, संत रविदास नगर, गाजीपुर, आजमगढ़, कानपुर, लखनऊ, रायबरेली और सुल्तानपुर सहित अनेक जिलों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। फतेहपुर, प्रतापगढ़, चंदौली, बाराबंकी, अमेठी और उन्नाव में भी गरज-चमक के साथ बरसात हो सकती है।
पश्चिमी यूपी में भी बिजली गिरने का खतरा
अयोध्या, आगरा, मथुरा, हाथरस, झांसी, ललितपुर, मैनपुरी, एटा, औरैया और हमीरपुर जैसे पश्चिमी जिलों में भी बादल गरजने और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। विभाग ने जनता से सुरक्षित स्थानों में रहने, पेड़ों या खुले मैदानों से दूर रहने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।
अगले हफ्ते भारी बारिश
लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में 9 जुलाई तक रुक-रुक कर भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इससे निचले इलाकों में जलभराव और यातायात में बाधा जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि ये बारिश मानसून की सक्रियता का संकेत है और इसका असर उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों पर पड़ेगा। लोगों से अपील की गई है कि वे इस दौरान सावधानी बरतें और जरूरी न हो तो घर से बाहर निकलने से बचें।
