उत्तर प्रदेश में सर्द हवाओं का दौर जारी
UP Ka Mausam 14-Nov-2025: उत्तर प्रदेश के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। सुबह-शाम अच्छी-खासी ठंड हो रही है। तापमान भी कम दर्ज किया जा रहा है। इस बीच पहाड़ों से होते हुए यूपी आ रही उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति बढ़ गई है, जिसके चलते राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। तापमान के गिरने से ठंड बढ़ती जा रही है और यूपीवासियों को गर्म कपड़ों में अलाव के आगे बैठे हुए देखा जा रहा है। खुद को ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों के साथ अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में लगातार बदल रहे मौसम को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा की यूपी में लोग गर्म कपड़ों में भी ठिठुर रहे हैं। ऐसे में बाइक आदि पर यात्रा करने वालों के बारे में क्या कहा जाए, विंड शीट भी उन्हें सर्द हवाओं से नहीं बचा पा रहा है। मौसमी स्थिति को देखते हुए कहा जा रहा है कि आगामी दिनों में यूपी में न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज की जा रही है, जिससे ठंड और बढ़ेगी और शीतलहर का दौर भी शुरू हो सकता है।
यूपी में सुबह के समय कई स्थानों पर कोहरा देखने को मिलेगा। इस समय कई शहरों का तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह-शाम की कड़ाके की ठंड के बीच दिन के समय धूप खिली रहेगी, जिससे यूपीवासियों को ठंड से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन शाम होते ही फिर मौसम ठंडा हो जाएगा और लोगों को ठिठुरते हुए देखा जाएगा। यूपी में उत्तर-पश्चिमी हवाओं का दौर आज भी जारी रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो हिमालयी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बर्फबारी हो रही है, जिसके कारण मौजूदा हवा का रुख उत्तर पश्चिमी हो गया है। बर्फीली पहाड़ियों से होकर आ रही इन सर्द हवाओं के कारण यूपी के कई जिलों में पारा गिर रहा है।