आज यूपी का मौसम
UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 10-November-2025: उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम सुहावना बना हुआ है, न ही ज्यादा ठंड पड़ रही है और न ही गर्मी का एहसास हो रहा है। हालांकि ठंड का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है। तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। प्रदेश के कुछ जिलों में रात का पारा 10 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया है। जिससे सुबह और रात में हल्की सिहरन महसूस हो रही है। प्रदेश में अभी ठिठुरने वाली ठंड नहीं पड़ रही है। हालांकि पछुआ हवाओं के चलते रहने से आगामी सप्ताह में ठंड का असर और बढ़ सकता है।
उत्तर प्रदेश में आज मौसम साफ रहने वाला है। आईएमडी के अनुसार यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में आज शुष्क मौसम रहने की संभावना है। इस दौरान कोहरे को लेकर भी कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। अगले 5 दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। इस दौरान सुबह-शाम में ठंड का एहसास होगा। लेकिन दिन में धूप निकलने से ठंड का प्रभाव कम हो जाएगा। हालांकि धूप से गर्मी महसूस नहीं होगी। 15 नवंबर तक यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस अवधि में किसी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार हाल ही में गुजरे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई। जिसकी वजह से पहाड़ों से शुष्क और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं प्रदेश में आ रही हैं। जिसके प्रभाव से ठंड में इजाफा हुआ है। साथ ही आसमान साफ रहने की वजह से बढ़े विकिरणीय शीतलन के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इसके कारण दिन और रात का पारा सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया है। आगामी एक सप्ताह के दौरान मौसम में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है। इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया जा सकता है। वहीं अधिकतम तापमान भी 1-3 डिग्री नीचे रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में रविवार को कानपुर, प्रयागराज, आगरा, बरेली समेत 10 से अधिक जिलों का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री या इसके आसपास दर्ज किया गया। पछुआ हवाओं के चलते रात में ठंड बढ़ गई है। सुबह के समय कहीं-कहीं हल्का कोहरा भी देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पूर्वांचल और तराई इलाकों में सुबह के समय कोहरा बढ़ने की संभावना है। हालांकि दिन में अभी धूप की मौजूदगी बरकरार रहेगी।