UP Covid New Guidelines & Rules in Hindi: चीन और अन्य देशों में कोरोना वायरस कहर बरपा रहा है। एहतियातन भारत में सतर्कता बढ़ा दी गई है। यूपी में भी कोरोना को लेकर सख्ती कर दी गई है। कोरोना पर अलर्ट के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। मामले बढ़ते ही अस्पताल रिजर्व होंगे। 100 रैपिड टीमों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। इसके साथ ही यूपी की राजधानी लखनऊ में 26 दिसंबर से अस्पतालों में बिना मास्क के प्रवेश नहीं हो मिलेगा। मरीज से लेकर तीमारदारों तक को मास्क पहनने के बाद ही परिसर में एंट्री मिलेगी। अस्पतालों में मास्क लगाने के लिए गुरुवार से अनाउंसमेंट शुरू हो गई है। कोरोना वायरस के खतरों से निपटने के लिए एक बार फिर से तैयारियां शुरू हो गई हैं।
लखनऊ के अस्पतालों में 26 दिसंबर से मास्क पहनना होगा अनिवार्य
जांच टीम से लेकर मरीजों की भर्ती तक की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। बलरामपुर अस्पताल में सुबह से मरीजों को मास्क लगाने के लिए अपील की जा रही है। लोकबंधु अस्पताल में भी मास्क को लेकर सख्ती शुरू कर दी गई है। केजीएमयू, डफरिन, लोहिया, झलकारीबाई, भाऊराव देवरस, सिविल समेत दूसरे अस्पतालों में मरीज और तीमारदारों को मास्क के लिए कहना शुरू कर दिया है।
अभी विदेशी यात्रियों पर गाइडलाइन नहीं की जारी
सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल के अनुसार, लक्षण दिखने पर यात्री लोकबंधु अस्पताल में जांच करा सकते हैं। वहीं, अभी विदेशी यात्रियों पर गाइडलाइन जारी नहीं की गई हैं। जैसे ही कोई निर्देश आएंगे जांच की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की जांच होगी। अब ट्रेवल हिस्ट्री भी तैयार की जाएगी। अस्पताल, बाजार, मॉल सहित दूसरी जगहों पर प्रोटोकॉल सख्ती से लागू करने की कवायद कर दी गई है। अभी राजधानी में 39 रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) लगी हैं। शहरी और ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य की 19 टीमें हैं।
रोजाना 20 टीमें कर रहीं कोरोना की सैंपलिंग
कोरोना की आशंका में 20 सीएमओ कंट्रोल रूम के तहत जांच की जा रही है। रोजाना 500 से 800 लोगों की जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर 52 हेल्थ पोस्ट सेंटर और 30 प्राथमिक केंद्रों में टीमें तैयार होंगी।
