Lakhimpur Kheri Road Accident: लखीमपुर खीरी जिले के हैदराबाद थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने से स्कूटी पर सवार तीन नाबालिग छात्राओं की मौत हो गई। पुलिस ने घटना की पुष्टि की। मृतकों की पहचान नीमगांव थाना क्षेत्र के बिलहारी गांव की दरख्शा (18), उनकी भतीजी खदीजा (13) और उनकी मित्र साहिबा (18) के रूप में हुई है।
लखीमपुर खीरी में दर्दनाक सड़क हादसा
यह दुखद हादसा शनिवार दोपहर अहमदनगर गांव के पास गोला-पीलीभीत राष्ट्रीय राजमार्ग पर तब हुआ जब विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। स्नातक की छात्राएं दरख्शा और उसकी सहेली साहिबा अपने घर लौट रही थीं, साथ में उनकी भतीजी खदीजा भी थी, जो अपनी मौसी के साथ संसारपुर गांव में रहती है।
गोला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अंबर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद तीनों छात्राओं को गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शवों का पोस्टमार्टम करवाने के लिए भेजा गया है और हैदराबाद थाना पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ट्रक को हैदराबाद थाना पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
(इनपुट - भाषा)
