समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की जेल से रिहाई पर सियासत तेज हो गई है। अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने भाजपा और सपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राजनीतिक द्वेष और बदले की भावना से प्रेरित होकर आजम खान पर झूठा आरोप लगाया।
आजम खान और स्वामी मौर्या (फाइल फोटो: canva)
आजम खान दशकों से उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। उनके कई बार विधानसभा, लोकसभा और राज्यसभा के लिए चुने जाने के बावजूद भाजपा ने उनके साथ जो व्यवहार किया, वह वास्तव में निंदनीय है। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) की आलोचना करते हुए कहा कि यह सत्य है कि समाजवादी पार्टी आजम खान के साथ कभी खड़ी नहीं हुई। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। आजम खान का क्या निर्णय होगा, उस पर अनुमान लगाने की बजाय उनसे खुद जानने की कोशिश करनी चाहिए।
ये भी पढ़ें- ये यात्री हैं, इन्हें मेरी वजह से क्यों परेशान कर रहे है- जेल से निकलते ही पुलिस पर भड़के आजम खान
अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिल्ली सरकार द्वारा दुर्गा पूजा और रामलीला के लिए लाउडस्पीकर की समय सीमा बढ़ाने के फैसले पर कहा, 'दिल्ली सरकार क्या करती है और क्या नहीं करती, इस पर हमें टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है, लेकिन हां, यह जरूर कहा जाना चाहिए कि एक धर्म विशेष पर प्रतिबंध लगाना और दूसरे धर्म को बढ़ावा देना उचित नहीं है।'
स्वामी प्रसाद मौर्य ने नवरात्रि के दौरान मीट की दुकानें बंद करने पर कहा, 'यह भाजपा का नाटक और नौटंकी है। अगर आप शाम को किसी मीट की दुकान पर जाएंगे, तो आपको न केवल एक धर्म विशेष के लोग मिलेंगे, बल्कि कई अन्य लोग भी मिलेंगे जो इसका विरोध करते दिखते हैं।'
