Lucknow Flyover: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। लखनऊ के दो रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनाने का रास्ता साफ हो गया है। सब कुछ ठीक रहा तो अगले दो माह में काम शुरू हो जाएगा। इन क्रॉसिंगों पर ओवरब्रिज बनने से 10 लाख आबादी को राहत मिलेगी। जानकारी के अनुसार, आलमनगर वार्ड की जलालपुर क्रॉसिंग और कृष्णानगर केसरी खेड़ा रोड पर पड़ने वाली रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर बनाने का काम दो माह में शुरू हो जाएगा। इसका डीपीआर तैयार कर लिया गया है। ओवरब्रिज के निर्माण पर आने वाला खर्च भी तय हो गया है। दोनों ओवरब्रिज पर 246 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
लखनऊ की दो क्रॉसिंग पर बनेंगे फ्लाईओवर (प्रतीकात्मक तस्वीर)
लोक निर्माण ने दोनों ओवरब्रिज के प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए शासन को भेज दिया है। शासन से आदेश जारी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। दोनों फ्लाईओवर का निर्माण होने के बाद 10 लाख से ज्यादा की आबादी को फायदा मिलेगा। इन लोगों को क्रॉसिंग बंद होने पर लगने वाले जाम में जूझना नहीं पड़ेगा।
