Lucknow News: लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता के साथ दहेज के लिए की गई प्रताड़ना और जहरीला पदार्थ खिलाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी पति ने चुपके से दूसरी शादी कर पहली पत्नी को परेशान करने के लिए जहरीला पदार्थ दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
अस्पताल में भर्ती है पीड़िता (AI Image)
2022 में निगोहां के उतरावां निवासी अतिबल सिंह ने अपनी बेटी मंजुल सिंह का आशियाना थाना क्षेत्र के देवी खेड़ा स्थित पवनपुरी निवासी सौरभ सिंह से विवाह किया था। अतिबल सिंह ने अपनी सामर्थ्य से अधिक दहेज दिया लेकिन ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे और लगातार दहेज का ताना देकर मंजुल को प्रताड़ित करते रहे।
जनवरी 2023 में सौरभ ने आर्य समाज मंदिर में प्रियंका जायसवाल से दूसरी शादी कर ली। पहली पत्नी को हटाने के लिए सौरभ ने परिवार और रिश्तेदारों के साथ मिलकर साजिश रची। 25 जुलाई की रात सौरभ ने मंजुल को जहरीला पदार्थ दिया, जिससे उसकी तबियत बिगड़ गई।
सूचना मिलते ही पिता और भाई ससुराल पहुंचे, लेकिन वहां पुलिस की मौजूदगी के बावजूद आरोपी परिवार ने उन पर हमला कर दिया। घायल पिता ने अपने बेटे के साथ मंजुल को ससुराल से निकालकर लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़ित परिवार ने आशियाना पुलिस में दामाद और अन्य ससुरालवालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
