उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और हीट वेव को ध्यान में रखते हुए, उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड ने मदरसों के समय में बदलाव किया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया, ताकि छात्रों और शिक्षकों को गर्मी से राहत मिल सके।
यूपी मदरसा बोर्ड ने बदला समय
अब सभी राज्य अनुदानित और मान्यता प्राप्त मदरसों में शैक्षणिक कार्य सुबह 6:30 से 10:30 बजे तक होगा, जिसमें मध्य अवकाश स्थगित कर दिया गया है और चार घंटे की लगातार पढ़ाई होगी। इस दौरान सभी शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। यह समय सारणी अग्रिम आदेश तक लागू रहेगी।
मौसम विभाग ने लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने की चेतावनी दी है। इसके चलते 15 जिलों में येलो और 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। मदरसा बोर्ड के रजिस्ट्रार ने भी सभी शिक्षकों और छात्रों से मौसम विभाग की गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।
