UP News: दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम लगभग सात बजे एक कार में जोरदार धमाका हुआ, जिसके कारण आसपास खड़ी कई अन्य गाड़ियों में आग लग गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में अब तक 8 लोगों की मृत्यु हो चुकी है और कई लोग घायल हैं। इस सनसनीखेज घटना के कारण दिल्ली से सटे आसपास के राज्यों में भी सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण से घटना की जानकारी प्राप्त कर राज्य में सुरक्षा और सतर्कता को और मजबूत करने के निर्देश दिए। इसके तहत उत्तर प्रदेश की सभी पुलिस फोर्स को हाई अलर्ट पर रखा गया है और सघन जांच एवं सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण ने इस संदर्भ में समस्त जनपदीय पुलिस अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं।
इस संदर्भ में, धार्मिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील मथुरा जिले को विशेष सुरक्षा श्रेणी में रखा गया है। प्रशासन ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि और पूरे शहर में सतर्कता बढ़ा दी है। रविवार को मथुरा के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी जन्मभूमि पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने परिसर के सभी प्रवेश द्वार, सुरक्षा चौकियां, निगरानी टावर और सीसीटीवी कंट्रोल रूम का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने सुरक्षा कर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली में हुई घटना को ध्यान में रखते हुए जिले की सुरक्षा पूरी तरह मजबूत की गई है और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसएसपी ने बताया कि जन्मभूमि क्षेत्र को कई सुरक्षा जोन में विभाजित किया गया है। पुलिस और पीएसी टीमें लगातार गश्त कर रही हैं, जबकि बम डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और एंटी टेरर यूनिट भी पूरी तरह अलर्ट पर हैं। मंदिर परिसर और आसपास आने वाले श्रद्धालुओं की सघन जांच की जा रही है।