Lucknow Crime: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बख्शी का तालाब (बीकेटी) आउटर रिंग रोड स्थित नहर पुलिया के पास युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक युवक बेंगलुरु में रहकर न्यायिक सेवा की तैयारी कर रहा था। मृतक की शिनाख्त अस्ती रोड निवासी विजय कुमार सिंह के बेटा अनुराग सिंह के रूप में हुई है। दो दिन पहले उसका जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के लिए वह लखनऊ स्थित अपने घर आया था। शनिवार दोपहर में वह घूमने के लिए बाइक लेकर घर से निकला था, इसके बाद अनुराग घर नहीं आया। उसके शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे अनुराग के पिता ने मर्डर का आरोप लगाया है। वहीं, पोस्टमार्टम में लाश के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं।
मौके पर जांच करने पहुंची पुलिस
अस्ती रोड इलाके में रहने वाले विजय कुमार सिंह के बेटे अनुराग सिंह का 18 नवंबर को जन्मदिन था। वह जन्मदिन मनाने के लिए 13 नवंबर को बेंगलुरु से घर आया था। शनिवार दोपहर में अनुराग अपनी बाइक से घूमने जाने की बात कह कर घर से निकला था।
अनुराग की मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं
पिता विजय ने बताया कि, शाम तक बेटे नहीं आया। उसका फोन भी बंद आ रहा था। रविवार को पिता विजय बीकेटी कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए जाने ही वाले थे कि, उनके पास पुलिस का फोन आया। पुलिस ने उन्हें बताया कि, उनके बेटे अनुराग का शव आउटर रिंग रोड के पास पड़ा है। इंस्पेक्टर बीकेटी जितेंद्र ने बताया कि, मूलरूप से माल के बदैंया निवासी विजय कुमार सिंह करीब 30 वर्ष पहले बीकेटी के अस्ती रोड आकर रहने लगे थे। उनके बेटे का शव रविवार को भैंसामऊ आउटर रिंग रोड पुलिया के पास पड़ा मिला। अनुराग का शव पड़ा मिला था। उसकी मौत कैसे हुई है यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
