UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में बीते दिनों भीषण गर्मी के चलते पिछले कई रिकॉर्ड टूटते हुए देखने को मिले हैं। वाराणसी में मई का सर्वकालिक उच्चतम तापमान गुरुवार को दर्ज हुआ। वहीं बुधवार को प्रयागराज में इतिहास की अब तक की सबसे गर्म रात रही। लखनऊ में भी बुधवार की रात 1982 के बाद सबसे गर्म दर्ज की गई। गुरुवार को लखनऊ में 1995 के बाद मई में पहली बार दिन का तापामान 45 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। लेकिन इस रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से यूपी के लोगों को आज हल्की राहत मिलने के आसार है। आज से प्रदेश के मौसम में बदलाव होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 31 मई को यूपी के कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। वहीं 1 जून से यूपी को लू से निजात मिलने के आसार हैं।
आज उत्तर प्रदेश का मौसम
आज यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश लू के रेड अलर्ट से बाहर निकल आया है। मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी में मौसम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को पश्चिमी यूपी में एक-दो स्थानों और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में लू चलने के आसार हैं। इस दौरान पश्चिमी यूपी में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है। इसके अलावा पूर्वी और पश्चिमी यूपी में आज कहीं-कहीं बारिश और गरज चमक के साथ बौछार भी हो सकती है।
ये भी पढ़ें - Bihar heatwave Attack : बिहार में लू लेकर आई मौत का फरमान! 57 लोगों की गई जान; 250 का हाल-बेहाल
इन जिलों में चलेगी लू-गरजेंगे बादल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 31 मई को यूपी के वाराणसी, संत रविदास नगर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, बागपत, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, औरैया और आसपास के इलाको में लू चलने के आसार हैं। वहीं बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर और आसपास के इलाकों में गरज-चमक की संभावना है।
यूपी के इन जिलों में चलेंगे झोंकेदार हवाएं
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज बिजली गिरने और बादल गरजने के साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती है। ये जिले बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, हरदोई, फर्रुखाबाद, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़ और गौतम बुद्ध नगर हैं।
आने वाले दिनों में मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार एक जून को लखनऊ समेत यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है। इस दिन पश्चिमी यूपी में बिजली चमकने और धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं। इसके साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 2 जून को पश्चिमी यूपी में आंधी और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। 3 जून को पूरी यूपी में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी रफ्तार से आंधी आने की संभावना है। प्रदेश में आगामी दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट भी हो सकती है।
