Delhi News: दिल्ली में कई गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगना आम दृश्य बन गया है। अब स्थिति इतनी बढ़ गई है कि गैस बुकिंग कराने आने वाले लोगों को नियंत्रित करने के लिए कुछ एजेंसियों को बाउंसर तक नियुक्त करने पड़ रहे हैं। ऐसा ही दृश्य दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में देखा गया, जहां जहांगीरपुरी गैस सर्विस के कार्यालय के बाहर 500 से अधिक लोग लाइन में खड़े थे। उन्हें व्यवस्थित करने के लिए वहां छह बाउंसर तैनात किए गए, जिनमें चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं।
दिल्ली में गैस एजेंसी पर बाउंसर तैनात
सुबह चार बजे से ही लाइन में खड़े हैं लोग
गैस एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारों के बीच स्थानीय लोगों ने बताया कि वे सुबह चार बजे से ही लाइन में खड़े हैं, लेकिन अब तक उनका सिलेंडर या सिलेंडर की बुकिंग नहीं हो पाई है। कुछ लोगों का कहना है कि वे पिछले तीन दिनों से लगातार प्रयास कर रहे हैं, फिर भी सिलेंडर बुक नहीं हो रहा है।
इंडियन गैस एजेंसी ने तैनात किए बाउंसर
जब गैस एजेंसी के मैनेजर सतवीर सिंह से पूछा गया कि उन्होंने अपने यहां बाउंसर क्यों तैनात किए हैं, तो उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले मौजूद लोगों ने ऑफिस के अंदर उन्हें बंद कर दिया और बाहर से ताला लगा दिया था। इसे खोलने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा। इस घटना के बाद इंडियन गैस एजेंसी ने अपने सभी कार्यालयों में बाउंसर तैनात कर दिए हैं ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
आम आदमी पार्टी के पूर्व निगम पार्षद ने कहा ये
शुक्रवार जहांगीरपुरी वार्ड से आम आदमी पार्टी के पूर्व निगम पार्षद अजय शर्मा भी गैस बुकिंग के लिए लंबी कतार में नजर आए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि उनके घर में तीन सिलेंडर हैं, लेकिन सभी खाली हैं। अजय शर्मा ने कहा कि आज रामनवमी का दिन है और घर में पूजा-अर्चना करनी चाहिए थी, लेकिन लोग मजबूरी के चलते गैस एजेंसियों की लंबी कतारों में खड़े हैं।
