Japanese Agricultural Technology: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में अब जापानी तकनीक से खेती की जाएगी। यहां पहले करीब एक हेक्टेयर क्षेत्रफल में खेती की जाएगी। इसके बाद तकनीक का फायदा मिलने पर इसे चार हेक्टेयर में बढ़ाया जाएगा। इसके बाद जापानी तकनीक को यूपी के मौसम के अनुरूप हर जनपद के छोटे-छोटे किसानों तक पहुंचाया जाएगा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह और जापानी प्रतिनिधिमंडल के तकासी योशिका ने यह बात कही। एक समझौते के तहत जापान के वैज्ञानिकों का एक प्रतिनिधिमंडल कानपुर सीएसए विवि में आया। जापान सरकार के कृषि, वानिकी और मत्स्य मंत्रालय के काउंसलर के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति डॉ. बिजेन्द्र सिंह से जापानी तकनीक आधारित खेती के मॉडल फार्म के लिए जमीन और अन्य सुविधाओं की उपलब्धता पर बातचीत की।
कानपुर में जापानी तकनीक से की जाएगी खेती
जापान सरकार के काउंसलर के अनुसार, गुजरात के आणंद जिले में एक मॉडल फार्म तैयार किया है। यहां जापानी कंपनियां खेती के साथ ही अपने कृषि उपकरण का निर्माण भी करेंगी। जिससे बड़े पैमाने पर निवेश के रास्ते खुलेंगे साथ ही लोगों को रोजगार भी मिलेगा। जापान सरकार के साथ 2018 में यूपी सरकार ने कृषि तकनीक हस्तांतरण और निवेश का समझौता किया है।
