Kanpur Accident: कानपुर में आज सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। जहां संभुआ में ट्रोली और पिकअप की आमने सामने से भिड़ंत हो गई। जिसके बाद पिकअप में आग लग गई। जिससे पिकअप ड्राइवर और क्लीनर की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं ट्रोली का चालक मौके से भाग निकला। घटना की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है। पुलिस दोनों के शवों का शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
कानपुर में भीषण हादसा
पिकअप के केबिन में फंसे ड्राइवर-क्लीनर
यह हादसा रविवार सुबह करीब चार बजे बिधनू थाना क्षेत्र के संभुआ पुल पर हुआ। जहां पिकअप वाहन घाटमपुर से नौबस्ता की ओर जा रहा था। तभी सामने से तेज रफ्तार से ईंट लदी ट्रोली आई और दोनों की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। जिससे पिकअप वाहन के बोनट में आग लग गई। इस हादसे में पिकअप चालक व क्लीनर घायल होने की वजह से केबिन में ही फंस गए। जिससे उनकी आग में जलकर मौत हो गई। आग की चपेट में आने से ट्रोली का केबिन भी जल गया।
आग में शव जलकर राख
इस घटना के 30 मिनट बाद राहगीरों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। जिसके बाद पुलिस और घाटमपुर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। जब तक आग बुझाई गई, तब तक दोनों शव जलकर राख हो गए। पुलिस ने दोनों की अस्थियों को बटोर लिया। इस हादसे में पिकअप की नंबर प्लेट और कागज जल गए। पिकअप का नंबर मध्य प्रदेश का है। पुलिस शवों का शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।
