शहर

कानपुर लैंबॉर्गिनी कांड में तंबाकू कारोबारी का बेटा शिवम मिश्रा गिरफ्तार, मेडिकल के बाद कोर्ट में होगी पेशी

कानपुर के पॉश इलाके ग्वालटोली में हुए हाई-प्रोफाइल लैंबॉर्गिनी हादसे के मुख्य आरोपी शिवम मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालिया पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज में यह साबित हुआ है कि रविवार को हुए उस भीषण एक्सीडेंट के समय शिवम ही कार चला रहा था। इस हादसे में एक ऑटो और बुलेट बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे और कई लोग घायल हुए थे।

kanpur shivam mishra arrest

शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस

Photo : Times Now Digital

Shivam Mishra Arrest: कानपुर के चर्चित लैंबॉर्गिनी कार हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आज, गुरुवार को पुलिस उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी में है। कानून की सख्ती दिखाते हुए पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि रसूख चाहे कितना भी बड़ा हो, आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मेडिकल के बाद कोर्ट में पेशी

हादसे के बाद से ही चर्चा में रहे तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। कोर्ट में पेश करने से पहले कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस की एक टीम कड़ी सुरक्षा के बीच उसे अस्पताल से लेकर कोर्ट के लिए रवाना हुई है। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने पुष्टि की है कि सबूतों और जांच के आधार पर यह स्पष्ट हो गया है कि हादसे के समय स्टीयरिंग शिवम के ही हाथ में था।

क्या है पूरा मामला

यह घटना रविवार को कानपुर के पॉश इलाके ग्वालटोली की वीआईपी रोड पर हुई थी। चश्मदीदों के मुताबिक, करीब 10-12 करोड़ रुपये की कीमत वाली लैंबॉर्गिनी कार बेहद तेज रफ्तार में थी। अनियंत्रित होकर कार ने पहले एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़ी एक बुलेट बाइक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक करीब 10 फुट हवा में उछलकर दूर जा गिरा। इसके बाद कार एक बिजली के खंभे से टकराकर रुकी। इस हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए थे।

ड्राइवर का दावा और सीसीटीवी का सच

मामले में तब नया मोड़ आया जब आरोपी पक्ष ने दावा किया कि कार शिवम नहीं, बल्कि उनका ड्राइवर मोहन चला रहा था। ड्राइवर ने कोर्ट में शपथ पत्र भी दिया कि शिवम की अचानक तबियत बिगड़ी और वे उसके ऊपर गिर गए, जिससे हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस ने इस थ्योरी को खारिज कर दिया। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के वीडियो में साफ देखा गया कि हादसे के ठीक बाद बाउंसर्स ने शिवम को ही ड्राइविंग सीट से बाहर निकाला और दूसरी गाड़ी में लेकर फरार हो गए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

 Nishant Tiwari
Nishant Tiwari author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article