Kal Ka Mausam, 24 July 2025: देशभर में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में आज यानी बुधवार 23 जुलाई को सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है। एक तरफ लगातार बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया है और गर्मी से निजात मिली है तो दूसरी तरफ कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। देश के कई हिस्सों में बाढ़ के हालात हैं। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के चलते लैंडस्लाइड की घटनाएं हो रही हैं, जिससे सड़कें अवरुद्ध हो रही हैं और जनजीवन प्रभावित हो रहा है। चलिए जानते हैं कल का मौसम कैसा रहेगा।
कल का मौसम कैसा रहेगा, यहां जानें
आज के मौसम का हाल
कल का मौसम जानने से पहले जान लेते हैं कि आज देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की चाल कैसी है। मौसम विभाग के अनुसार आज तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ ही कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, केरल और माहे, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में भी अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
यही नहीं IMD के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, गुजरात क्षेत्र, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, ओडिशा, पंजाब, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, उत्तराखंड, विदर्भ और पश्चिम उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
कल का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग ने कल यानी गुरुवार 24 जुलाई और शुक्रवार 25 जुलाई के लिए भी चेतावनी जारी की है। IMD के अनुसार तटीय कर्नाटक में 23 से 25 जुलाई के दौरान, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में 24 और 25 जुलाई को बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा केरल, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले 6-7 दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
देश के पूर्वी और मध्य भागों (गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड) में 24 से 28 जुलाई के दौरान भारी से बहुत भारी वर्षा, ओडिशा में 25 जुलाई को अत्यंत भारी वर्षा की संभावना है।
IMD के अनुसार देश के पूर्वी और केंद्रीय हिस्से (गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड) में 24-28 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार 25 जुलाई को ओडिशा में भीषण वर्षा का प्रकोप देखने को मिल सकता है।
उत्तर-पश्चिमी भारत में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर में कल यानी गुरुवार 24 जुलाई को भी कुछ इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके बाद 27-29 जुलाई के बीच भी राज्य में भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में आज 23 जुलाई के साथ ही 27-29 जुलाई के बीच, उत्तराखंड में 23-29 जुलाई तक, पंजाब और हरियाणा में 23, 24 और 28 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। बात करें पश्चिमी त्तर प्रदेश की तो यहां आज यानी 23 जुलाई के अलावा 26-29 जुलाई, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25-28 जुलाई, पश्चिमी राजस्थान में 27-29 जुलाई, पूर्वी राजस्थान में आज और 27-28 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
IMD का कहना है कि अगले 7 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर भारत के अन्य मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश के साथ ही तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
पश्चिमी भारत में कैसी रहेगी मौसम की चाल
मौसम विभाग का कहना है कि 24-25 जुलाई को कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के पश्चिमी तटीय घाट के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही IMD का कहना है कि 23-29 जुलाई तक कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र के घाट के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। मराठवाड़ा क्षेत्र में 26 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। 23-29 जुलाई तक गुजरात क्षेत्र, 26-29 जुलाई तक सौराष्ट्र और कच्छ और 27-28 जुलाई को गुजरात के कुछ अन्य क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिमी भारत के अन्य इलाकों में अगले 5 दिनों के दौरान हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है।
पूर्वी और मध्य भारत में कैसा रहेगा मौसम
ओडिशा के कुछ इलाकों में 25 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। 23-28 जुलाई के बीच मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड में 24-28 जुलाई, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 25-27 जुलाई, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 26-28 जुलाई, पूर्वी मध्य प्रदेश में 25-28 जुलाई, विदर्भ और झारखंड में 25-27 जुलाई, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 24-26 जुलाई, गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में 24 और 25 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग की तरफ से दी गई है।
इसके अलावा अगले 7 दिनों तक हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का दौर जारी रहेगा और गरज, चमक और 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कल यानी गुरुवार 24 और शुक्रवार 25 जुलाई को बिहार में मध्यम स्तर की बारिश का अनुमान है।
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम
तटीय कर्नाटक के कुछ इलाकों में 23-25 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा केरल और माहे, तटीय और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 23-29 जुलाई तक कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। तमिलनाडु और तेलंगाना के कुछ इलाकों में 23-27 जुलाई तक और 23-24 जुलाई को तेलंगाना के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा अगले पांच दिनों तक दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में 4-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। केरल और माहे, लक्ष्य द्वीप, कर्नाटक, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के अन्य हिस्सों में अगले सात दिन तक हल्की से मध्य स्तर की बारिश का अनुमान है।
पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में अगले 7 दिन तक कुछ इलाकों में हल्की से मध्य स्तर की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गरज के साथ बिजली चमकने की घटनाएं होंगी।
