Kal ka mausam: अगस्त बीत गया और सितंबर आ गया। अन्य लोगों के साथ आप भी यही सोच रहे थे कि अब बारिश की तीव्रता कम होगी। लेकिन इस बार मौसम ने कुछ और ही ठान रखी है, आपको गलत साबित करने का मन बना रखा है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार सितंबर में सामान्य से 9 फीसद ज्यादा यानी कुल 109 फीसद बारिश होगी। आज यानी सोमवार 1 सितंबर की ही बात करें तो हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह से ही रुक-रुककर भारी बारिश हो रही है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में भी कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार आज अंडमान निकोबार द्वीप समूह, असम, मेघालय, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, विदर्भ, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पीओके में गिलगित, बाल्टिस्तान व मुजफ्फराबाद में आज बहुत भारी बारिश की संभावना है।
कल का मौसम कैसा रहेगा?
आज का मौसम
भारत मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी सोमवार 1 सितंबर को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आज मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर-खिरी, बहराइच, सुल्तानपुर, श्रावस्ती, अयोध्या, बाराबंकी, बलरामपुर, गोंडा, अमेटी और सीतापुर जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में एक घंटे के अंदर 15 एमएम या उससे ज्यादा बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इनके अलावा इन जिलों के आसपास के जिलों में 5 से 15 एमएम तक की बारिश का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। साथ में बिजली चमकने और तेज हवा चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने सोमवार शाम 4 बजे के बाद दिल्ली के कई इलाकों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली चमकने की घटनाएं हो सकती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर (नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद, फरीदाबाद) के ज्यादातर इलाकों में शाम 4 से 6 बजे के बीच 15 एमएम या उससे ज्यादा बारिश हो सकती है।
कल का मौसम
IMD ने सितंबर के पहले हफ्ते के लिए पूरे देश में बारिश का विस्तृत पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक तमाम राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। यह बारिश जहां फसलों के लिए संजीवनी साबित हो सकती है, वहीं पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और बाढ़ के साथ ही मैदानी इलाकों में जलभराव जैसी समस्याएं भी पैदा कर सकती है।
उत्तराखंड और समूचे उत्तर भारत के मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, आज हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश (21 सेमी या उससे ज्यादा) होने की संभावना है। साथ ही, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी 1 से 3 सितंबर तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पूर्वी राजस्थान में 1 से 7 सितंबर तक और पश्चिमी राजस्थान में 1, 2 के साथ 5 से 7 सितंबर के बीच भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
ये भी पढ़ें - सितंबर में भी जारी रहेगा भारी बारिश का सितम, पहाड़ों में लैंडस्लाइड्स से जानमाल के नुकसान का खतरा
इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश उत्तर भारत के लगभग सभी जगहों पर देखने को मिलेगी। पहाड़ी इलाकों में यह बारिश भूस्खलन यानी Landslide और मलबा खिसकने (Mudslide) का कारण भी बन सकती है, जिससे स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
महाराष्ट्र सहित पश्चिम भारत में बारिश जारी रहेगी
गुजरात क्षेत्र में गुरुवार 4 और शुक्रवार 5 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। वहीं, महाराष्ट्र के कोकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 1 से 6 सितंबर तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में 4 से 7 सितंबर तक तेज बारिश होगी। इन राज्यों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश पूरे सप्ताह देखने को मिलेगी। यह बारिश जहां किसानों को राहत देगी, वहीं निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति भी उत्पन्न होने से लोगों की समस्याएं भी बढ़ा रही है
छत्तीसगढ़ सहित मध्य और पूर्वी भारत के मौसम का हाल
मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में अगले पांच दिनों तक लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा। मंगलवार 2 और बुधवार 3 सितंबर को विदर्भ, छत्तीसगढ़ व ओडिशा में बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा, 2 और 3 सितंबर को पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड में भी अच्छी बारिश का अनुमान है। 4 और 5 सितंबर को पश्चिमी मध्यप्रदेश और पूर्वी मध्यप्रदेश में अत्यधिक वर्षा का अलर्ट है। इन इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, जिसके चलते लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
उत्तर-पूर्व भारत में भी जारी बारिश का सिलसिला
असम और मेघालय में 1 से 6 सितंबर तक लगातार भारी बारिश की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 1 से 5 सितंबर तक अच्छी मात्रा में बारिश होने के आसार हैं। अरुणाचल प्रदेश में 6 और 7 सितंबर को तेज बारिश की संभावना है। इन इलाकों में मानसून अब भी सक्रिय है और लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है।
दक्षिण भारत में मानसून की रफ्तार
केरल और माहे में बुधवार 3 सितंबर से 6 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में 1 से 3 सितंबर तक बारिश का दौर चलेगा। कल यानी मंगलवार 2 सितंबर को यहां बहुत भारी वर्षा की संभावना है। तेलंगाना में 1 से 3 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है, जबकि तटीय कर्नाटक में 1 से 7 सितंबर तक लगातार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भी बुधवार 3 सितंबर को भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
