कल का मौसम कैसा रहेगा : दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के बाद मौसम ने एक फिर से करवट ली है। खासकर, उत्तर भारत में बादलों की आवाजाही जारी है और कई राज्यों में पानी बरस रहा है। आईएमडी ने अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों पर तेज तूफान हवाओं के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम में बदलाव के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। आईएमडी ने 26 और 27 सितंबर को पहाड़ों पर मौसम संगीन रहेगा और एक बार फिर से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान वज्रपात और लैंडस्लाइड की चिंता जाहिर की गई है। स्काईमेट ने अगले तीन दिन तक समूचे पूर्वोत्तर और दक्षिण भारतीय राज्यों में मूसलाधार मानसूनी वर्षा होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान लोगों को समुद्री हिस्सों से दूर रहने के लिए कहा गया है।
कल का मौसम
यूपी में कैसा रहेगा मौसम
लखनऊ : उत्तर प्रदेश से मानसून वापसी कर गया है, लेकिन अगले दो दिन आंधी-वज्रपात की चेतावनी के बीच भारी बारिश हो सकती है। देखते हुए सरकार ने आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट कर दिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 27 सितंबर तक मौसम प्रभावित रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 और 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश तथा 27 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी है। लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में रेड अलर्ट को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, संत कबीर नगर, महाराजगंज, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं समेत अन्य क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए अधिकारी सक्रिय रहेंगे। आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, फतेहपुर, कानपुर नगर, बांदा, कौशांबी और चित्रकूट के कुछ वाटरशेड क्षेत्रों में अचानक बाढ़ की आशंका को देखते हुए सुरक्षा और राहत एजेंसियों को आवश्यकतानुसार तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम
पहाड़ों पर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड में 26 और 27 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। चमोली के मुक्तेश्वर, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में भारी बारिश की संभावना है। प्रशासन ने केदारनाथ, बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब और आसपास के अन्य धार्मिक स्थलों पर जाने वाले यात्रियों को 26–27 सितंबर को यात्रा सीमित करने की सलाह दी गई है। हालांकि, 2 से 4 अक्टूबर के अगले लंबे विकेंड के दौरान उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है। उधर, हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों पर भारी बारिश का अलर्ट घोषित है। इल दौरान आकाशीय बिजली से लोगों को बचने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ घंटों में मौसम की चाल बदलने वाली है। आईएमडी ने दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम समेत एनसीआर के कई हिस्सों पर बादलों की आवाजाही रहेगी और मेघ गर्जन के साथ मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की समस्या हो सकती है। 27 सितंबर के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी और पारा 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। खराब मौसम के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
झारखंड का मौसम कैसा है
झारखंड में लगातार मौसम खराब बना हुआ है। कई हिस्सों पर मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं ने सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवातीय मौसमी सिस्टम (डीप डिप्रेशन) के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने के कारण राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है। मौसम के मिजाज को देखते हुए कई जिलों में एहतियातन स्कूलों को बंद रखा गया है। रांची का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री गिरकर 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने 26 सितंबर को पलामू, कोडरमा, गिरिडीह, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग और देवघर सहित 8 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का ऑरेंज तथा येलो अलर्ट जारी किया है।
बिहार में बारिश का बड़ा अलर्ट
बिहार में अगले दो दिन कई जिलों में आंधी-तूफान, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। अत्यधिक बारिश के कारण प्रमुख नदियों में जलस्तर बढ़ने से निचले और नदी के किनारे बसे इलाकों, खासकर कोसी बेसिन के पास की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ रही है। मौसम विभाग की ओर से बिहार के 19 जिलों में तेज हवाओं और बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान की आशंका है। पिछले 24 घंटों में राज्य की राजधानी पटना समेत करीब 11 जिलों में रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई है। नेपाल के तराई क्षेत्र में लगातार भारी बारिश के बाद कोसी नदी का जलस्तर काफी बढ़ने की आशंका है। जल संसाधन विभाग ने कोसी बेसिन से जुड़े इंजीनियरों और अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा है। कोसी बैराज से भी भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने की उम्मीद है। नवहट्टा, महिषी, सिमरी बख्तियारपुर और सलखुआ ब्लॉक की करीब 35 पंचायतों को विशेष रूप से संवेदनशील इलाकों के तौर पर चिह्नित किया गया है।
ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में लौटता मानसून कहर बरपा सकता है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटे ओडिशा के आंतरिक हिस्सों के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसून के कारण पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों में शुक्रवार को बहुत भारी होने की बात कही है। उधर, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में तेज बारिश के कारण भूस्खलन हुआ। शनिवार और रविवार तक राज्य के कई हिस्सों में और बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने भारी बारिश के कारण दार्जिलिंग और कालिम्पोंग में भूस्खलन की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने शनिवार सुबह तक पश्चिम बंगाल के पश्चिमी जिलों पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भी भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
छत्तीसगढ़ में चक्रवाती सिस्टम अर्नब' का असर
छत्तीसगढ़ में चक्रवाती सिस्टम 'अर्नब' का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ और बस्तर संभाग में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। धमतरी, गरियाबंद, बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर, बालोद समेत कई जिलों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 28 जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। इनमें 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 11 जिलों में येलो अलर्ट बताया गया है। मौसम विभाग ने भारी बारिश के साथ गरज-चमक और कुछ स्थानों पर तेज हवाओं की संभावना जताई है।
