अगले 5 दिन झमाझम बारिश का अलर्ट, 80 की स्पीड से चलेगी आंधी; ओलावृष्टि-वज्रपात की चेतावनी

अगले 48 घंटों के दौरान साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के साथ मध्य भारत के कई राज्यों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान चलने, मेघ गर्जन व आकाशीय बिजली गिरने के साथ भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने 26 मार्च से एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी व समूचे उत्तर भारत में धूल भरी आंधी-पानी एवं ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। मौसमी गतिविधियां होने से गर्मी और लू से राहत रहेगी।

देश के अधिकांश भागों पर सूरज और बादलों के बीच लुका छिपी का खेल जारी है, जिससे गर्मी के तेवर नरम हैं। मार्च के शुरुआती दिनों में अचानक बढ़े तापमान-गर्मी पर मौसमी गतिविधियों ने ब्रेक लगा दी है। फिलहाल, मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह के मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि 26 मार्च से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हिमालयी और मैदानी भागों पर सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले हिस्सों पर बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ बारिश-बर्फबारी रिकॉर्ड की जाएगी। इस विक्षोभ का आंशिक असर दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश पर रहेगा, जिस कारण कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश से मौसम बदला रहेगा। इस दौरान कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि का खतरा जताया गया है। उधर, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में प्री मानसून के संकेत हैं। स्काईमेट ने अगले 24 घंटे के दौरान सिक्किम, नागालैंड, असम, मेघालय, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में तूफानी हवाओं केस साथ झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से तमिलनाडु समेत एक-दो अन्य राज्यों में वर्षा की संभावना है और कई राज्यों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।

Mausam Aaj Kal

मौसम आज-कल

बिहार में मौसम कैसा रहेगा

बिहार में गुरुवार से फिर मौसम बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में पूर्वोत्तर में बिगड़े मौसम का असर होने की बात कही है। खासकर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, वैशाली, मुजफ्फरपुर, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में तेज धूल भरी आंधी के साथ बारिश और ठनका गिरने का अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, 27 मार्च को भी पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, नवादा और जहानाबाद में भी तेज बारिश की संभावना है। ये मौसमी गतिविधियां 30 मार्च तक रुक-रुक कर जारी रह सकती हैं, जिससे गर्मी से काफी राहत रहेगी, लेकिन रबी की फसल को बड़ा नुकसान उठाना होगा।

End of Feed