शहर

...लो महंगी हो गई बिजली! 5 बजे से रात 11 बजे तक चपत लगाएगा स्मार्ट मीटर; प्रति यूनिट में 74 पैसे की बढ़ोतरी

बिहार में स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को ’टाइम ऑफ डे' शाम पांच से रात 11 बजे तक महंगी बिजली मिलेगी। अधिक मांग अवधि में 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क के साथ दर 8.16 रुपये प्रति यूनिट हो जाएगी, जबकि सामान्य अवधि में 7.42 रुपये प्रति यूनिट की दर लागू रहेगी।

Image

बिहार में स्मार्ट मीटर बिजली उपभोक्ताओं के लिए बिजली महंगी (फोटो-Istock)

पटना : बिहार में एक अप्रैल से बिजली की कीमत ’टाइम ऑफ डे’ (टीओडी)प्रणाली के आधार पर तय होगी। इसमें स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को शाम को अधिक मांग के समय महंगी बिजली मिलेगी। ऊर्जा विभाग के सचिव मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ’टीओडी’ व्यवस्था के तहत बिजली की दरें खपत के समय के अनुसार बदलती हैं। अधिक मांग के समय दरें अधिक और कम मांग के समय कम रहती हैं। इस बढ़ोतरी से बिजली उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

दिन के समय बिजली उपयोग पर अधिकतम 20 प्रतिशत तक की छूट

आदेश के अनुसार, राज्य के उपभोक्ताओं को दिन के समय बिजली उपयोग पर अधिकतम 20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। बिहार विद्युत विनियामक आयोग (बीईआरसी) ने बिजली वितरण कंपनियों नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड और साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड की मांग पर इस योजना को मंजूरी दी है।

कितने बजे से बढ़ेगी बिजली दर

बीईआरसी ने दिन को तीन अवधियों में विभाजित किया है। इसके मुताबिक सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक कम खपत वाला समय तय किया गया है जबकि शाम पांच बजे से रात 11 बजे तक अधिक खपत वाला समय माना जाएगा। रात 11 बजे से सुबह नौ बजे को सामान्य अवधि माना जाएगा।

कितने रुपये प्रति यूनिट बढ़ी बिजली दर

आदेश के मुताबिक, ग्रामीण (डीएस-1) और शहरी (डीएस-2) श्रेणी के स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले घरेलू उपभोक्ताओं को कम मांग के समय 7.42 रुपये प्रति यूनिट के आधार दर पर 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी, जिससे बिजली की प्रभावी दर 5.94 रुपये प्रति यूनिट हो जाएगी। वहीं, अधिक मांग अवधि में 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क के साथ दर 8.16 रुपये प्रति यूनिट हो जाएगी, जबकि सामान्य अवधि में 7.42 रुपये प्रति यूनिट की दर लागू रहेगी। राज्य में लगभग 87 लाख उपभोक्ता स्मार्ट प्रीपेड मीटर का उपयोग कर रहे हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article