शहर

अगले 72 घंटे में आंधी-बारिश की एंट्री, 14 राज्यों में वज्रपात-ओलावृष्टि; भीषण गर्मी-लू की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले 36 घंटे में उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में भीषण गर्मी-लू के बीच हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों पर तेज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। स्काईमेट ने दक्षिण भारत के राज्यों के साथ पूर्वोत्तर में चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से तूफान और वर्षा का पूर्वानुमान जताया है, जो मानसून के संकेत हैं।

Image

मौसम आज-कल

उत्तर भारत में लगातार बढ़ते तापमान ने बेचैनी बढ़ा दी है। अधिकांश राज्यों में सूरज की तपिश के बीच लू ने रफ्तार पकड़ ली है, जो अगले कई दिनों तक जारी रहेगी। मौसम विभाग ने बताया कि 21 से 22 मई तक पहाड़ों पर फिर से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (Western Disturbance) के सक्रियता से हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लेह और उत्तराखंड के पर्वतीय भागों पर अंधड़ के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बर्फबारी और ओले गिरने की चेतावनी है। इधर, समूचे उत्तर भारत में लू की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। लेकिन आईएमडी ने अगले 24 घंटे के बाद हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और बिहार के सीमावर्ती जिलों में तेज गर्मी के बीच बादलों के छाने और धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश और आकाशीय बिजली कड़कने का अलर्ट घोषित किया है। हालांकि, दिल्ली, यूपी, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान बढ़ने और भीषण गर्मी की चेतावनी है। स्काईमेट ने पूर्वोत्तर के राज्यों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन (Cyclonic circulation) के मजबूत होने से तेज तूफानी हवाएं चलने और बारिश की गतिविधियां तीव्र होने की बात कही है। उधर, दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल और महाराष्ट्र समेत कई स्टेट वर्षा से प्रभावित रहेंगे।

यूपी में कल का मौसम

उत्तर प्रदेश लगातार तपिश और लू का कहर झेल रहा है। राज्य के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी का प्रकोप है तो बुंदेलखंड आग की तरह जल रहा है। खासकर, बांदा देश में सबसे अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के साथ टॉप पर है। इसके अलावा कानपुर, कानपुर देहात, प्रयागराज, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर,महोबा, सोनभद्र, भदोही, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कासगंज, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, बागपत, गाजियाबाद और नोएडा में हीटवेव का येलो अलर्ट घोषित है। फिलहाल, बारिश को लेकर कोई संभावना नहीं है, लेकिन 23 मई से पश्चिमी यूपी में मौसम बदल सकता है।

बिहार में बारिश होगी क्या

बिहार के अधिकांश जिले भीषण गर्मी की चपेट हैं और कई जिलों में लू की एंट्री हो गई है। मौसम विभाग ने लगातार बढ़ते तापमान और हवाओं के गर्म होने पर पांच जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, राज्य के नेपाल और पश्चिम बंगाल से सटे सीमावर्ती हिस्सों पर धूल भरी आंधी और बारिश के साथ ठनका गिरने की चेतावनी है। आईएमडी की मानें तो 21 मई को कोसी, पूर्वी बिहार और उत्तर बिहार में मौसम खराब रहने की बात कही गई है। खासकर, पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, बांका, नवादा, किशनगंज, अररिया, कटिहार, सीतामढ़ी, वैशाली, शिवहर, नालंदा, जहानाबाद, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, सहरसा, खगड़िया, जमुई, मधेपुरा और सुपौल में आंधी-पानी, बिजली और ओले गिरने का येलो अलर्ट है।

दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा

दिल्ली-एनसीआर लगातार तपिश झेल रहा है और तापमान बढ़ता जा रहा है। इस सीजन में बुधवार की सुबह सबसे गर्म प्रतीत हुई। इस दौरान न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 45 डिग्री सेल्सियस से पार पहुंच गया है। अगले कुछ घंटे में शहर के अधिकांश भागों पर भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है और लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, मौसम विभाग ने 22 मई की रात से आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही के संकेत दिए हैं। इस दौरान धूल भरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी व बारिश का अलर्ट है, जिससे गर्मी से मामूली राहत मिल सकती है। वहीं, प्रदूषण पर थोड़ा सा ब्रेक है, जहां कल एक्यूआई 200 को पार कर गया था वो अब गिरकर 180 पर पहुंच गया है। सीपीसीबी के मुताबिक, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 को संतोषजनक, 101 से 200 को मध्यम, 201 से 300 को खराब, 301 से 400 को अत्यंत खराब और 401 से 500 को गंभीर माना जाता है।

हरियाणा में बारिश होगी क्या

हरियाणा और पंजाब में मौसम लगातार गर्म होता जा रहा है। कई हिस्सों पर अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल, अगले कई दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, कुछ हिस्सों पर 22 मई से मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। स्काईमेट ने हिसार, सिरसा, भिवानी समेत, फतेहाबाद और रेवाड़ी के आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही हो सकती है और कहीं-कहीं तेज आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है।

राजस्थान का लू-गर्मी का अलर्ट

राजस्थान के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी से हाल-बेहाल हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कई दिनों तक तेज गर्मी और लू का दौर अभी जारी रहेगा। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, राज्य के अधिकतर हिस्सों पर एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। खासकर, पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में और दक्षिणी पूर्वी भागों में रात में भी लू चलने से परेशानियां बढ़ेंगी। वहीं, पश्चिमी, उत्तरी व पूर्वी भागों में अगले तीन से चार दिन 20 से 30 किलोमीटर की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। फिलहाल, चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, स्काईमेट ने 22 मई की रात से राज्य के गंगानगर, हनुमानगढ़ और उत्तर-पश्चिम भाग में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश और धूल भरी आंधी का पूर्वानुमान जताया है।

उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में लगातार तापमान बढ़ रहा है। कई जिलों में ये 40 डिग्री सेल्सियस या अधिक इससे अधिक पहुंच चुका है। देहरादून मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में तापमान 35-40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। वहीं, बादलों की आवाजाही के बीच अल्मोड़ा, चंपावत, टिहरी गढ़वाल और चमोली में तापमान 30-35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि 21 मई की रात से पहाड़ी हिस्सों पर पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई दे सकता है, जिससे चमोली, बागेश्वर, रूद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और उत्तकाशी के कुछ हिस्सों पर अंधड़ चलने और बारिश के साथ ओलावृष्टि व वज्रपात का खतरा हो सकता है।

21 मई (गुरुवार) का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली46°C32°C
चंडीगढ़28°C43°C
जयपुर32°C42°C
मुंबई30°C33°C
भोपाल30°C42°C
रांची26°C38°C
कोलकाता29°C38°C
चेन्नई31°C39°C
बेंगलुरु23°C33°C
पटना29°C39°C
लखनऊ29°C43°C
देहरादून25°C37°C
शिमला21°C32°C
कश्मीर10°C21°C

हिमाचल प्रदेश में मौसम कैसा है

हिमाचल प्रदेश में मौसम काफी गर्म है। लगातार बढ़ते तापमान के बीच लू की स्थितियां बनती जा रही हैं। शिमला मौसम विभाग ने शिमला, कांगड़ा, चंबा और सोलन में हीटवेव का अलर्ट है। इसी बीच 22 मई से एक नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम खराब होने का अनुमान है। 22 और 23 मई को पर्वतीय भागों कांगड़ा, चंबा, मंडी और शिमला में 40 से 50 किमी की रफ्तार से आंधी चलने के साथ पानी बरसने के संकेत हैं। वहीं, 25 मई को पूरे प्रदेश में मेघ गर्जन के साथ बारिश होने का अनुमान जताया गया है, जिससे तापमान में कमी आ सकती है। उधर, जम्मू-कश्मीर के घाटी समेत कई हिस्सों पर बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।

केरल में मानसून की आहट

दक्षिण भारत में अगले कई दिनों मौसम खराब रहने का अनुमान है। खासकर, समुद्र तटीय भागों पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव रहेगा, जिससे लक्ष्यद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और पश्चिमी घाट के हिस्सों पर 70 किमी. की रफ्तार से तूफान चलने और मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट है। प्री मानसून (Pra Mansoon) की गतिविधियों के बीच लोगों को तटीय भागों पर सतर्क रहने के लिए कहा गया है। उधर, अंडमान में मानसून पहुंच चुका है। इस सर्कुलेशन के असर महाराष्ट्र रत्नागिरी समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट है। उधर, मुंबई और गोवा में भी बादल बरस सकते हैं।

असम, अरुणाचल प्रदेश में तूफान

पूर्वोत्तर भारत में एक बार फिर से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। चक्रवाती परिसंचरण के कारण फिर प्री मानसून की गतिविधियां शुरू हों, जिससे सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, पूर्वी बिहार और पश्चिम बंगाल के उप हिमालयी क्षेत्र में गरज-चमक, तेज आंधी-तूफान के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, अधिकांश हिस्सों पर तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है और लोगों को हीटवेव का सामना करना पड़ सकता है। ये मानसूनी गतिविधियां अच्छी बारिश के संकेत के तौर पर देखी जा रही है।

तमिलनाडु-पुडुचेरी में बारिश

तमिलनाडु के कई जिलों और पुडुचेरी में बारिश का दौर देखा जा रहा है। आईएमडी ने अगले दो दिनों के दौरान नीलगिरि, थेनी, कोयंबटूर, इरोड और डिंडीगुल में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। चेन्नई के भी कई इलाकों में बारिश रिकॉर्ड की जा रही है। मौसम में बदलाव से वडापलानी, कोयंबेडु, नुंगमबक्कम, कोडंबाक्कम और सैदापेट के तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत महसूस की है। पुडुचेरी में भी उझावरकरई,लॉस्पेट, मुथियालपेट, कोरिमेडु, बहौर, उसुदु, मन्नादीपेट और थिरुकनूर में भी गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश होने का अनुमान है। वहीं चेन्नई मीनाम्बक्कम, वेल्लोर, इरोड, नुंगमबक्कम, मदुरै एयरपोर्ट और तिरुचिरापल्ली में भी तेज गर्मी बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे क्षेत्रों चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जबकि लक्षद्वीप क्षेत्र से दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश तक एक ट्रफ रेखा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article