जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल (Ramsharan Nautiyal) ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। रामशरण नौटियाल उत्तराखंड की चकराता विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे लेकिन तब हार गए थे। रामशरण नौटियाल ने 2022 में कांग्रेस के बड़े नेता प्रीतम सिंह से मुकाबला किया था। रामशरण नौटियाल पहले कांग्रेस में थे, फिर बीजेपी में गए थे। अब अटकलें हैं कि रामशरण नौटियाल फिर से कांग्रेस में जा सकते हैं।
जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल ने बीजेपी से दिया इस्तीफा (फोटो- ramsharan.nautiyal.9)
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी इस्तीफा दें- CWC मीटिंग के बाद सरकार पर बरसे खरगे, कहा- वोटर लिस्ट बदलाव का डेटा सार्वजनिक हो
बीजेपी की ओर से पुष्टि नहीं
रामशरण नौटियाल ने इस्तीफे तो दे दिया है, लेकिन उसकी पुष्टी बीजेपी की ओर से अभी तक नहीं की गई है। टाइम्स नाउ नवभारत से बातचीत में नौटियाल ने इस्तीफे की पुष्टि की है। रामशरण नौटियाल ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष को इस्तीफा भेज दिया। इस्तीफे की वजह पर रामशरण नौटियाल ने कहा कि पहले बीजेपी अध्यक्ष बताये मेरे इस्तीफे की वजह फिर मैं बात करूंगा।
कांग्रेस में जा सकते हैं नौटियाल
रामशरण नौटियाल के बीजेपी छोड़ने के बाद उत्तराखंड की सियासत में उनके अगले कदम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि नौटियाल एक बार फिर कांग्रेस का रुख कर सकते हैं। अगर वह कांग्रेस में शामिल होते हैं, तो विकासनगर या सहसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही है।
कभी कांग्रेस से ही की थी राजनीति की शुरुआत
नौटियाल का कांग्रेस से पुराना राजनीतिक जुड़ाव रहा है। उन्होंने अपने सियासी करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली थी। हालांकि, 2014 में उन्होंने कांग्रेस का साथ छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था। 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें चकराता सीट से उम्मीदवार बनाया था, जहां वह दूसरे स्थान पर रहे थे।
बीजेपी के लिए झटका
अब विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले बीजेपी से उनका अलग होना राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है। वह पूर्व में जिला पंचायत अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले पार्टी बदलने के उनके फैसले को लेकर उत्तराखंड की सियासत में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
