Jharkhand News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने एक परिवार की जिंदगी तबाह कर दी। टोंटो थाना क्षेत्र के तारोबबुरु गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मृतकों में 40 वर्षीय राजीन दोराईबुरु, उनकी पत्नी जानो दोराईबुरु और उनका 12 वर्षीय बेटा शामिल हैं। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जो मृतकों के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात 21 अगस्त को हुई थी। आरोप है कि बोंज दोराईबुरु (19) और मुचिया दोराईबुरु (20) कथित तौर पर शराब के नशे में राजीन के घर पहुंचे। उस समय परिवार के सदस्य सो रहे थे। आरोपियों ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से हमला कर तीनों की जान ले ली।
कहां-कहां छिपाया शवों को?
हत्या के बाद मामले को छिपाने के लिए आरोपियों ने कथित तौर पर राजीन और उनके बेटे के शव घर के पीछे जमीन में दफना दिए। वहीं, जानो के शव को घर से कुछ दूरी पर स्थित एक पहाड़ी पर ले जाकर झाड़ियों के बीच छिपा दिया गया। घटना की जानकारी पुलिस तक तुरंत नहीं पहुंच सकी। सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में वारदात होने के कारण करीब पांच दिन बाद पुलिस को इसकी सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक जांच के साथ स्थानीय स्तर पर मुखबिरों से जानकारी जुटाई और संदिग्धों तक पहुंची।
पूरे मामले की जांच जारी
पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान कथित तौर पर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तीनों शवों को बरामद किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब हत्या के पीछे जमीन विवाद की पूरी वजह और घटनाक्रम की अन्य कड़ियों की जांच कर रही है।
