Jamui News: बिहार के जमुई में एक छात्रा से हुई छेड़खानी और दुर्व्यवहार की शर्मनाक घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथिलेश, प्रमोद और गोलू कुमार के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 25-26 साल बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया और उनसे पूछताछ की जा रही है।
जमुई छेड़छाड़ मामले में 3 गिरफ्तार, 7 के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में कुल सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
छात्र-छात्रा को रोककर बदसलूकी का आरोप
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बाइक से जा रहे एक युवक और युवती को कुछ लोग बीच सड़क रोक लेते हैं। वीडियो में युवती आरोपियों से उन्हें जाने देने की गुहार लगाती नजर आती है। इसके बावजूद युवती के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी की जाती है।
पुलिस पहले ही साफ कर चुकी है कि यह घटना 19 सितंबर की शाम को हुई थी। वीडियो सामने आने के बाद इसकी लोकेशन और घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू की गई थी। अब तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस इस मामले में SIT गठित की है। पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वीडियो में छेड़खानी करने वाला मुख्य आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है। इस संबंध में जमुई थाना कांड संख्या-428/26, दिनांक 21 सितंबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 76 एवं 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8/12 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस की ओर से सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को टेकडाउन कराने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मामले को संवेदनशील बताते हुए लोगों से अपील की है कि नाबालिग से संबंधित वीडियो को सोशल मीडिया पर आगे शेयर न करें।
Rahul Gandhi ने उठाए सवाल
मामले को लेकर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रश्न उठाए हैं। उन्होंने वायरल वीडियो को परेशान करने वाला बताते हुए कहा कि वीडियो में दिख रहे हर व्यक्ति की पहचान होनी चाहिए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ POCSO के तहत कार्रवाई की मांग की है।
राहुल गांधी ने कहा, बच्ची हाथ जोड़कर उसे जाने देने की विनती करती रही, मगर गुंडे उसे गलत तरीके से छूते और खींचतान करते रहे। उन्होंने पूछा, इन लोगों को ऐसी बदतमीजी करने का हक किसने दिया? यह 'संस्कृति' नहीं है, यह patriarchy है। ये सोच कि किसी भी पुरुष का किसी लड़की के शरीर, उसके आने-जाने और उसकी पसंद-नापसंद पर नियंत्रण है।
राहुल गांधी ने कहा, जब नियंत्रण को ही संस्कृति मान कर 'अंधभक्त' ऐसी सोच को सामान्य ठहराते हैं, तो भीड़ को लगने लगता है कि वही कानून है।' राहुल गांधी ने बिहार सरकार से यह भी प्रश्न किया कि शाम के समय राज्य की सड़कों पर लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित क्यों नहीं हो पा रही है।
भाजपा के झूठ और प्रपंच का पर्दाफाश हुआ
इस बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि इससे पहले दिल्ली में 17 साल की बेटी का गैंगरेप और हत्या हुई है। उन्होंने कहा, ऐसी वारदातें भाजपा के 'नारी शक्ति वंदन' और 'बेटी बचाओ' के झूठ व परपंच का चीख-चीख कर पर्दाफाश करती हैं। खड़गे ने कहा, हमारी मांग स्पष्ट है - दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा और राज्य सरकारों की जवाबदेही तय हो।
ऐसी घटनाओं पर पीएम मौनी बाबा बन चुके हैं - तेजस्वी
RJD नेता तेजस्वी यादव का कहना है कि बिहार में अराजक स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। बिहार में अब कहीं भी, कभी भी, कोई भी छात्रा और महिला सुरक्षित नहीं है। गुंडे अपराधी अब दिन दहाड़े स्कूलों, कॉलेज और घरों में घुसकर अपराध कर रहे है। उन्होंने कहा, महिलाओं को 10 हजार रुपया नगद देकर और चुनाव बाद दो लाख रुपये और देने का वादा करने वाले प्रधानमंत्री ऐसी घटनाओं पर मौनी बाबा बन चुके है। एनडीए सरकार में महिलाओं, छात्रों, गरीबों और दलितों पर अत्याचार में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है।
जमुी विधायक श्रेयसी सिंह ने घटना को बताया शर्मनाक
जमुई से विधायक श्रेयसी सिंह का कहना है कि जमुई में एक नाबालिग के साथ जिस तरह की घटना हुई है, वह समाज के लिए शर्मनाक है। उन्होंने 19 तारीख को हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने FIR दर्ज की है। तीन लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
दोषियों पर होगी कार्रवाई - JDU
उधर JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का कहना है कि सरकार घटना को लेकर संवेदनशील है और कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराधी कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसे कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। साथ ही उन्होंने बिहार की मौजूदा कानून-व्यवस्था की तुलना 2005 से पहले के दौर से करते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच के आधार पर मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
