Kupwara Accident: उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सोमवार को तीतवाल क्षेत्र के करनाह-तंगधार में सीमारी मार्ग पर यात्रियों से भरा एक वाहन (टाटा सूमो) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में फिसलते हुए किशनगंगा नदी में जा गिरा। इस हादसे में एक नौ महीने की मासूम बच्ची और उसके पिता सहित कुल 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घायलों का इलाज जारी
मासूम बच्ची और पिता की जान गई
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों में 9 महीने की मासूम बच्ची हमज़ा और उसके 32 वर्षीय पिता मोहम्मद इदरीस शामिल हैं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आया और स्थानीय स्वयंसेवकों की मदद से तुरंत बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घायलों को पहले तंगधार के उप-जिला अस्पताल (SDH) और कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए जीएमसी हंदवाड़ा और श्रीनगर रेफर कर दिया गया। आपातकालीन बचाव के लिए मौके पर तीन एम्बुलेंस और मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं।
मुख्यमंत्री और LG ने व्यक्त किया गहरा दुख
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर लिखा कि कुपवाड़ा में दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में लोगों की जान जाने से मुझे गहरा दुख हुआ है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मैंने जिला प्रशासन को घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, राज्य के मुख्यमंत्री ने भी करनाह-तंगधार में हुए इस दुखद हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों और मेडिकल टीमों को सभी घायलों को सर्वोत्तम इलाज उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
वाहन खाई में कैसे गिरा और दुर्घटना का सटीक कारण क्या था, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और कारणों की गहन जांच की जा रही है। अन्य मृतकों और घायलों की पूर्ण पहचान की प्रक्रिया जारी है।
