Jalandhar Accident News: पंजाब के जालंधर स्थित पॉश इलाके मॉडल टाउन में माता रानी चौक के पास एक दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ दो तेज रफ्तार कारों के बीच हुई भीषण टक्कर के बाद एक अनियंत्रित इनोवा गाड़ी बीकानेर स्वीट्स की दुकान में जा घुसी। इस दौरान दुकान के बाहर खड़ी एक ग्राहक की स्कूटी कार के नीचे आकर पूरी तरह चकनाचूर हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
भागकर दुकान मालिक ने बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब दुकान के मालिक बाहर ही खड़े थे। दो कारों की आपस में जोरदार भिड़ंत हुई, जिसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। टक्कर के बाद अनियंत्रित हुई इनोवा सीधे मिठाई की दुकान की तरफ बढ़ी। गनीमत यह रही कि दुकान मालिक ने जैसे ही गाड़ी को अपनी ओर आते देखा, वे तुरंत वहां से दौड़ पड़े और अपनी जान बचाई। भागने के दौरान वे नीचे गिर भी गए, लेकिन किसी तरह अनहोनी से बच गए। गाड़ी दुकान की सीढ़ियों की रेलिंग से टकराकर रुकी, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसे में दुकान के बाहर खड़ी एक ग्राहक की स्कूटी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इतनी भीषण टक्कर के बावजूद कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ। हादसे के वक्त गाड़ियों में झटका लगने के कारण दोनों कारों के चालकों को मामूली चोटें आई हैं और वे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाउन की पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर खंगाल रही है ताकि हादसे के कारणों और किसकी लापरवाही थी, इसका सटीक पता लगाया जा सके। फिलहाल दोनों कारों के ड्राइवरों की पहचान संबंधी प्रक्रिया जारी है।
