Udaipur Crime News: उदयपुर में फ्रांस की एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। आरोप है कि एक कैफे में पार्टी के दौरान यह वारदात हुई। आरोपी युवक पार्टी के दौरान युवती को जबरन बाहर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। फिलहाल पीड़ित युवती का अस्पताल इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच भी शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही है।
उदयपुर में फ्रांसीसी महिला के साथ रेप की वारदात
पार्टी के बाद किया दुष्कर्म
यह घटना उदयपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र के टाइगर हिल स्थित एक कैफे की है। पीड़ित युवती की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में बताया कि वह सोमवार शाम को को कैफे में आयोजित पार्टी में शामिल हुई थी। पार्टी के बाद एक युवक ने उसे जबरदस्ती बाहर ले जाकर दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई। आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस ने कैफे संचालक से की पूछताछ
जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि उदयपुर के बड़ागांव थाने में फ्रांसीसी महिला की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने कैफे संचालक से भी पूछताछ की है और आरोपी की तलाश की जा रही है। एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। यह घटना विदेशी नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आरोप साबित होने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
