जयपुर

नागौर में जमीन विवाद के चलते ट्रैक्टर और कुल्हाड़ी से 4 बहनों पर जानलेवा हमला; दो गिरफ्तार

नागौर जिले के मीठड़िया गांव में छोटी दीपावली की सुबह जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चार बहनों पर दो व्यक्तियों ने ट्रैक्टर और कुल्हाड़ी से हमला किया, जिसमें सभी गंभीर रूप से घायल हुईं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर जब्त कर लिया।

Image

नागौर में भयानक जमीन विवाद (सांकेतिक फोटो: Canva)

Nagaur Land Dispute Attack: नागौर जिले के डेगाना उपखंड के मीठड़िया गांव में छोटी दीपावली की सुबह एक पुराने जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवादित भूमि पर निर्माण हटाने गई चार बहनों पर गांव के ही दो व्यक्तियों ने ट्रैक्टर चढ़ाने और कुल्हाड़ी से हमला किया, जिसमें सभी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार, भंवरलाल बेन्दा और उनके बेटे गजेंद्र बेन्दा ने विवादित जमीन पर रातों-रात पक्का निर्माण करवा दिया था। जब सुमन, मस्तु, किरण और मोनिका सुबह इसे हटाने पहुंचीं, तो दोनों पक्षों के बीच बहस भड़क गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कथित तौर पर ट्रैक्टर से उन पर हमला किया और कुल्हाड़ी से वार किए।

तीन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी

घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। पहले वीडियो में पिता-पुत्र ट्रैक्टर चलाते और हथियार लहराते दिख रहे हैं, जबकि दूसरे में चारों बहनें निर्माण हटाने का प्रयास करती नजर आ रही हैं। इन वीडियोज ने गांव में आक्रोश और चर्चा दोनों को जन्म दिया है। चारों घायल बहनों को तुरंत डेगाना के राजकीय उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने तीन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी, जबकि एक गंभीर रूप से घायल युवती को अजमेर रेफर किया गया।

ट्रैक्टर जब्त कर मामले की जांच शुरू

पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए और बताया कि यह हमला लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद का परिणाम है। डेगाना थानाधिकारी हरीश कुमार सांखला ने बताया कि वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर भंवरलाल बेन्दा पुत्र कुम्भाराम और गजेंद्र बेन्दा पुत्र भंवरलाल, दोनों निवासी मीठड़िया, को हिरासत में लिया गया है। ट्रैक्टर जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। प्रशासन ने स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए गश्त और निगरानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article