Banas River Tragedy: राजस्थान के टोंक जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब बनास नदी में गहरे पानी में डूबने से आठ युवकों की मौत हो गई। ये सभी जयपुर से आए 11 दोस्तों के समूह का हिस्सा थे, जो पिकनिक मनाने यहां पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक, यह घटना बनास नदी के पुराने पुल के पास की बताई जा रही है। 11 युवक बनास नदी में नहाने गए थे, तभी वे नदी की गहराई में पहुंच गए और अचानक डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवकों को नदी से बाहर निकाला और उन्हें तुरंत ही इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
बनास नदी में डूबने से 8 की मौत
अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक 8 युवकों की मौत हो गई है। इसके अलावा, एक 3 घायल युवकों का अन्य अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शवों को सआदत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मोर्चरी में शिफ्ट किया गया है। इस हादसे से पूरे इलाके सनसनी मच गई, जिसकी वजह से अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस फिलहाल हादसे की जांच कर रही है।
इसी दौरान, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना पर अपना शोक जताया। उन्होंने अपने एक्स पर लिखा कि टोंक जिले में स्थित बनास नदी में युवकों की डूबने से हुई मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारियों को त्वरित रूप से रेस्क्यू एवं राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति दें।
(इनपुट - भाषा)
