Rajasthan Weather Today: राजस्थान में मौसम के मिजाज बदलते नजर आ रहे हैं। जहां कई राज्यों में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है वहीं राजस्थान में मानसून मेहरबान नजर आ रहा है। राजस्थान में पिछले कई दिनों से अधिकतर जिलों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया जा रहा है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में भी मौसम का हाल ऐसा ही बना रहेगा। लगातार हो रही बारिश से राजस्थान का मौसम कूल-कूल बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज राज्य से करीब 17 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं करीब 14 जिलों में बिजली गिरने की आशंका भी जताई है। आइए इस बीच आपको राजस्थान में मौसम का हाल बताएं -
राजस्थान में झमाझम बारिश का अलर्ट
राजस्थान के 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
झुंझुनू, चूरू, नागौर, सीकर, जयपुर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, दौसा, करौली, टोंक, भीलवाड़ा, कोटा, झालावाड़ और बारां में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अजमेर और सवाई माधोपुर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान शहर में वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया गया है।
यहां बिजली गिरने की आशंका
गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, जोधपुर, जालौर, सिरोही, पाली, जोधपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर,राजसमंद और चित्तौड़गढ़ में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
कल इन जिलों में बरसेंगे मेघ
राजस्थान के कई जिलों में 26 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अलवर, भरतपुर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, धौलपुर, टोंक, बूंदी, प्रतापगढ़ और बांसवाड़ा शामिल हैं। इस बीच कई जिलों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
कहां हुई कितनी बारिश
राजस्थान में मानसून मेहरबान है। कई जिलों में पिछले 24 घंटे में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान करौली में सबसे अधिक बारिश 127 एमएम दर्ज की गई है, जिसके कारण लोगों को जलजमाव की समस्या का सामना करना पड़ा। वहीं दौसा के बसवा में 115 एमएम, अलवर के लक्ष्मणगढ़ में 88 एमएम, सवाई माधोपुर के वजीरपुर में 88 एमएम, चूरू के सरदारशहर में 71 एमएम, मलारना के डूंगर में 42 एमएम, बहादुरपुर में 46 एमएम, बीकानेर के छतरगढ़ में 45 एमएम, नागौर के डीडवाना में 44 एमएम, जयपुर की 34 एमएम, भरतपुर के नगर में 34 एमएम बारिश दर्ज की गई।
तापमान में आई कमी
राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से कई जिलों में बारिश दर्ज की जा रही है। लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के तापमान में 5 डिग्री की कमी आई है। इससे शहर का मौसम कूल-कूल और सुहावना बना हुआ है। लोगों को उमस भरी गर्मी से परेशान नहीं होना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
