Kota Latest News: राजस्थान में एक स्टूडेंट की पढ़ाई और प्यार के बीच तनाव आ गया। डिप्रेशन इतना जबरदस्त था कि उसने फंदे से लटक अपनी जान दे दी। मौत से पहले उसने एक सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें लिखा था कि जिस लड़की से साथ वह रिलेशन में था, वह उसके जज्बातों से खेल रही थी।
तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)
यह मामला कोचिंग हब कहे जाने वाले कोटा का है। मृतक वहां रह कर ‘नीट’ की तैयारी कर रहा था और उसकी उम्र 18 साल थी। पुलिस के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट में शनिवार (24 दिसंबर, 2022) को बताया कि छात्र ने फंदे से लटककर आत्महत्या की। यह कदम उसने प्रेमिका के साथ ब्रेक-अप और पढ़ाई के बढ़ते दबाव के चलते उठाया था।
लड़के की शिनाख्त उत्तर प्रदेश के बरेली के रहने वाले अनिकेत कुमार के रूप में हुई है। अफसरों के अनुसार, शुक्रवार को जवाहर नगर थाना क्षेत्र के इंदिरा विहार इलाके में हॉस्टल में उसकी लाश कमरे में पंखे से लटकी मिली। कुमार 12वीं पास था और वह पिछले तीन साल से राष्ट्रीय योग्यता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) की तैयारी कर रहा था।
उसके कमरे से एक ‘नोट’ बरामद हुआ जिसमें कुमार ने लिखा था कि पढ़ाई और ‘ब्रेकअप’ के कारण वह तनाव में था। कुमार ने अपने नोट में लिखा कि वह परेशान था क्योंकि एक लड़की ने उसकी भावनाओं के साथ खेला था और पढ़ाई के चलते मानसिक दबाव और बढ़ गया था, जिससे वह दबाव का सामना करने में असमर्थ हो गया। उसने ‘नोट’ में यह भी लिखा कि वह अपने माता-पिता, दो बहनों और भाई सहित अपने परिवार के प्रत्येक सदस्य से प्यार करता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्र का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 174 के तहत अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया।
