राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दिल्ली के दौरे पर हैं। इस दौरान आज यानी मंगलवार को सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। बता दें कि पीएम से राजस्थान के सीएम की मुलाकात संसद भवन में हुई। इनके बीच लगभग 45 मिनट की मुलाकात में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई है। इस मुलाकात के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। यह मुलाकात वसुंधरा राजे और सीएम शर्मा के बीच लगातार हो रही चर्चाओं के संदर्भ में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, खासकर जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद प्रदेश की राजनीति में आए वैक्यूम को भरने के प्रयास के रूप में। बता दें कि एक दिन पहले वसुंधरा राजे ने भी पीएम से मुलाकात की थी।
पीएम मोदी से सीएम भजनलाल शर्मा ने की मुलाकात (फोटो - Bhajanlal Sharma Twitter)
जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति के पद से इस्तीफे के बाद, जाट समुदाय का कोई बड़ा चेहरा प्रदेश में नहीं है। इसपर यह चर्चा हो रही है कि जाट समुदाय को सत्ता और संगठन में कैसे समायोजित किया जाए। वसुंधरा राजे, जो मुख्यमंत्री नहीं हैं, अपने समर्थकों को उचित स्थान दिलाने के लिए पार्टी की शीर्ष नेतृत्व को अवगत करा चुकी हैं। पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान, राजे ने इस मुद्दे को भी उठाया। बता दें कि वसुंधरा राजे की पीएम से मुलाकात करीब 20 मिनट चली। पीएम के बाद उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी।
झालावाड़ में हुए हादसे पर भी हुई चर्चा
बता दें की सीएम के साथ मुलाकात में पीएम मोदी ने झालावाड़ में हुए स्कूल हादसे पर भी चर्चा की। पीएम से मुलाकात के बाद सीएम शर्मा ने कहा कि उन्होंने राजस्थान के विकास पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने पीएम मोदी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी डबल इंजन सरकार राजस्थान को एक आदर्श राज्य बनाने की दिशा में कार्य कर रही है, जहां सभी वर्गों को न्याय मिल रहा है। सीएम ने बताया कि पीएम मोदी ने राजस्थान को भविष्य में और अधिक सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
