PM Modi in Rajasthan : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज राजस्थान के दौरे पर हैं। वे सिरोही जिले के आबू रोड से चुनावी शंखनाद करने आ रहे हैं। आबू रोड वही जगह है जहां पिछली बार देरी से आने के कारण वे भाषण नहीं दे पाए थे और फिर उन्होंने जनसभा में आए लोगों के सामने दंडवत होकर क्षमा मांगी थी। बता दें कि इससे पहले पीएम 30 सितंबर, 2022 को आबू रोड पहुंचे थे। चूंकि उन्होंने अन्य स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया था इसलिए आबू रोड पहुंचते वक्त उन्हें थोड़ा समय लग गया था तब उन्होंने माफी मांगते हुए पुन: आने की बात कही थी। सबसे खास बात ये थी तब रात के 10 बजे थे और इसलिए उन्होंने अपना वक्तव्य बिना माइक के दिया था और कहा था कि मेरी आत्मा कहती है कि कानून नियम का पालन करना चाहिए। उन्होंने ये भी कहा था कि जनता के प्यार को ब्याज समेत चुकता करूंगा।
पीएम मोदी (सांकेतिक फोटो)
करोड़ों की सौगात देने आ रहे मोदी
राजस्थान में विधानसभा चुनाव इसी वर्ष दिसंबर में होने हैं। इससे पहले पीएम मोदी राजस्थान के लिए आज सौगातों की झड़ी लगाने जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि आज के दौरे के साथ ही पीएम अपने चुनावी मिशन की शुरुआत करेंगे। पीएम मोदी आबू रोड पहुंचकर 5500 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। यहां पर राजसमंद और उदयपुर में मोदी टू लेन सड़क निर्माण परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे उदयपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे और उसके पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे। राजसमंद में नाथद्वारा से नाथद्वारा शहर तक एक के लिए मोदी नई रेलवे लाइन की नींव रखेंगे। आबू रोड में ब्रह्मकुमारी संस्थान में भी पीएम मोदी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। बतौर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहां पर पहली बार आ रहे हैं, हालांकि गुजरात के सीएम रहते हुए उन्होंने तीन बार यहां का दौरा किया था। बता दें कि आज मोदी जिस जगह आ रहे हैं वो इलाका गुजरात से सटा हुआ है। दक्षिणी राजस्थान के इस क्षेत्र में बड़ी में आदिवासी समुदाय के लोग रहते हैं और ये इलाका भाजपा का गढ़ माना जाता है।
जनता के प्यार को ब्याज सहित लौटाने का वादा
प्रधानमंत्री मोदी ने 30 सितंबर, 2022 को आबू रोड का दौरा किया था। यहां पर रात 10 बजे नियम का पालन करते हुए उन्होंने बिना माइक और लाउडस्पीकर के जनता के समक्ष अपनी बात कही थी। उन्होंने देरी से पहुंचने के कारण जनता से माफी तो मांगी ही थी, लेकिन साथ ही साथ पुन: आने का वादा भी किया था। मंच पर मोदी के घुटने के बल बैठकर जनता को नमन करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर जब वायरल हुआ तो यूजर्स ने इसे काफी पसंद किया था। बता दें कि अपने उसी वादे को पूरा करने के लिए मोदी आज पुन: यहां पर पहुंच रहे हैं।
