Petrol Pump Strike: राजस्थान के लोगो को आज भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, आज भी जयपुर समेत पूरे राजस्थान में पेट्रोल पंप मालिक हड़ताल पर है। बता दें यह हड़ताल प्रदेश भर में पेट्रोल-डीजल पर वैट कम करने को लेकर की जा रही है। पेट्रोल पंप प्रदेश में 1 अक्टूबर सुबह 6 से शाम 6 बजे तक पंप बंद रहेंगे। बताया जा रहा है कि आज करीब 7 हजार पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। हालांकि इससे पहले भी 30 सितंबर को प्रदेश भर में रात 8 से 10 बजे तक यानि दो घंटे तक पंप की लाइट्स को बंद रखकर बिक्री नहीं की गई थी।
राजस्थान में पेट्रोल पंपों की हड़ताल
सरकार ने नहीं दी थी कोई प्रतिक्रिया
दरअसल, राजस्थान में बढ़ते पेट्रोल और डीजल के दाम को लेकर पंप संचालकों ने सरकार से बात कर अपनी मांग रखी थी। पंप संचालकों की मांग थी कि प्रदेश भर में पेट्रोल और डीजल पर से वैट कम किया जाए। इसके लिए उन्होंने पिछले 13 और 14 सितंबर को दो दिन के लिए सांकेतिक हड़ताल भी की थी। लेकिन सरकार ने अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो इसके बाद प्रदेश भर में 15 सितंबर को अनिश्चितकालीन हड़ताल की गई।
13 दिन बाद भी नहीं निकला कोई समाधान
अनिश्चितकालीन हड़ताल के बाद सरकार ने आश्वासन दिया था। इसके बाद से पंप मालिकों ने हड़ताल को समाप्त कर दिया था। वहीं, सरकार ने बढ़ते दाम को लेकर 10 दिन बाद समाधान के लिए बोला था, लेकिन 13 दिन बाद भी कोई समाधान नहीं निकला तो पंप मालिकों ने फिर से आज राजस्थान में हड़ताल शुरू कर दी है।
2 अक्टूबर से करेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल
वहीं, राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि पेट्रोल और डीजल पर बढ़ते हुए वैट को लेकर सरकार ने 10 दिन में समाधान निकालने के लिए कहा था, लेकिन 13 दिन बाद भी कोई समाधान नहीं निकला है। हालांकि उन्होंने आगे चेतावनी भी दी है कि अगर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो 2 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे।
