Kota Accident: राजस्थान के कोटा में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। इस हादसे में एक परिवार के 4 सदस्यों की मौत हो गई है। हादसे में 10 लोग घायल हो गए हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया और मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कब हुई मिनी बस हादसे का शिकार
जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक मिनी बस अपने आगे चल रहे ट्रक से जा कर टकरा गई। इस टक्कर में बस में सवार एक परिवार के 4 सदस्यों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
किस वजह से हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच में पता चला कि बस ड्राइवर को संभवतः झपकी आ गई थी। जिससे मिनी बस अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक में जा भिड़ी और यह हादसा हो गया। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस उपाधीक्षक शिवम जोशी ने बताया कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ा।
उन्होंने बताया कि घटना तड़के पांच बजे की है, जिसमें राजस्थान के करौली के सीताबाड़ी निवासी गीता सोनी (63), उनके दो बेटे अनिल सोनी (48) एवं बृजेश सोनी (45) और उनके (गीता सोनी के) दामाद सुरेश सोनी (45) की मौत हो गई। जोशी ने बताया कि घायलों को कोटा के एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है।
(इनपुट - भाषा)
