Kota Road Accident: राजस्थान के कोटा से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में 2 बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोटा में ट्रक ने मोटरसाइकिल को मारी जोरदार टक्कर
सड़क हादसे में गई तीन लोगों की जान
बताया जा रहा है कि यह हादसा दोपहर करीब 2.30 बजे हुआ। जब मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक दंपति अपने दो बच्चों के साथ एक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना उद्योग नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्री राम फैक्ट्री के सामने हुई। पुलिस के अनुसार, ट्रक ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गयी। अस्पताल ले जाने के कुछ समय बाद ही कहार की मौत हो गयी।
क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान कोटा शहर के रानपुर थाना क्षेत्र के निवासी करिशन कहार (32), उनकी तीन वर्षीय बेटी यशस्वी और चार महीने के बेटे पार्थ के रूप में हुई है। करिशन की पत्नी ज्योति गंभीर रूप से घायल हो गई है और वह उपचाराधीन है।पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रख दिया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, वाहन को जब्त कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है।
(इनपुट - भाषा)
