Jaipur News: जयपुर से मथुरा दर्शनों के लिए जाने वाले रेल यात्रियों के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे सौगात लेकर आया है। बाड़मेर-जयपुर के बीच चलने वाली सुपरफास्ट रेल का मथुरा तक विस्तार कर दिया गया है। ये ट्रेन पहले बाड़मेर से जयपुर आने के बाद 10 से भी ज्यादा घंटों के लिए जयपुर रेलवे स्टेशन पर हॉल्ट किया करती थी, लेकिन अब इस ट्रेन का संचालन जयपुर से सीधे मथुरा के लिए किय जा रहा है। इससे जयपुर के साथ-साथ बाड़मेर, जोधपुर और अलवर समेत कई शहरों के यात्रियों को सीधे यूपी के मथुरा जाने की सुविधा मिल सकेगी। बाड़मेर-जयपुर सुपरफास्ट रेल को जयपुर जंक्शन से सोमवार को जयपुर शहर के सांसद रामचरण बोहरा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
जयपुर से मथुरा जाने के लिए स्पेशल ट्रेन का किया गया विस्तार
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, भारतीय रेल मंत्रालय की ओर से ट्रेन संख्या 20489 जयपुर-बाड़मेर का संचालन अब वाया अलवर, मथुरा तक किया जा रहा है। इस ट्रेन की विधिवत शुरुआत हरी झंडी दिखाकर की गई। जयपुर शहर के सांसद बोहरा ने जयपुर स्टेशन आगमन पर बाड़मेर मथुरा ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर आगे के लिए सोमवार को रवाना किया था। इससे न केवल बाड़मेर से रेलयात्री सीधे यूपी के मथुरा जा सकेंगे, बल्कि जयपुर से होकर गुजरने के कारण जयपुर के लोगों को भी इसका सीधा फायदा मिलेगा।
