Jaipur Junction Platform: जयपुर जंक्शन पर ट्रैवल करने वाले यात्रियों के लिए एक जरूरी सूचना है। बता दें कि, लोगों को प्लेटफॉर्म पहचानने में होने वाली असुविधा अब काफी हद तक दूर होने जा रही है। स्टेशन के री-डेवलपमेंट कार्य के तहत यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म नंबरिंग व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्लेटफॉर्म संख्या 6 और 7 के नाम बदले जा रहे हैं, ताकि कन्फ्यूजन खत्म हो सके। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, यह नई व्यवस्था 1 फरवरी से लागू होगी। इसके बाद प्लेटफॉर्म नंबर 6 को प्लेटफॉर्म 1A और प्लेटफॉर्म नंबर 7 को प्लेटफॉर्म 1B के रूप में जाना जाएगा।
इस जंक्शन ने नए प्लेटफॉर्म नंबरिंग की शुरुआत की (प्रतीकात्मक फोटो)
जयपुर स्टेशन के निदेशक ने क्या बताया?
जयपुर स्टेशन के निदेशक विपिन कुमार शर्मा के अनुसार, प्लेटफॉर्म संख्या 6 और 7, प्लेटफॉर्म नंबर 1 के बेहद नजदीक डीआरएम कार्यालय की ओर स्थित हैं। जबकि जयपुर जंक्शन पर डीआरएम ऑफिस साइड से हसनपुरा दिशा में प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 5 तक क्रमबद्ध हैं। ऐसे में 6 और 7 की अलग नंबरिंग यात्रियों के लिए भ्रम की स्थिति पैदा करती थी और कई बार वे गलत प्लेटफॉर्म पर पहुंच जाते थे। इसी दिक्कत को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने प्लेटफॉर्म नंबरिंग में बदलाव का फैसला लिया है, ताकि व्यवस्था अधिक तार्किक हो और यात्रियों के लिए आसानी से समझ में आने वाली बन सके।
यहां से होता है कई प्रमुख ट्रेनों का संचालन
स्टेशन निदेशक विपिन कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि पहले प्लेटफॉर्म नंबर 6 और 7, जिन्हें अब 1A और 1B कहा जाएगा, से कई प्रमुख ट्रेनों का संचालन होता है। इनमें उदयपुर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस भी शामिल है। साथ ही चूरू, रिंगस, सीकर और जैसलमेर की दिशा में जाने वाली कई ट्रेनें भी इन्हीं प्लेटफॉर्मों से रवाना होती हैं। प्लेटफॉर्म नंबरिंग में किए गए इस बदलाव से यात्रियों को अपनी ट्रेन तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और स्टेशन परिसर में भीड़भाड़ व कन्फ्यूजन के हालात में भी कमी आएगी।
